पंचायती भूमि की बोली में धांधली का आरोप, हाइवे जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एससी वर्ग के लोगों ने पंचायती भूमि में धांधली करने के आरोप लगाते हुए बुधवार को पटियाला-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पंचायती भूमि की बोली प्रक्रिया में धांधली की जा रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार, डीएसपी, डीडीपीओ और एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों को काफी समझाने के बाद जाम खुलवाने में सफलता मिली और इस दौरान दो घंटे तक नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। उधर, पुलिस ने नेशनल हाईवे जाम करने के मामले में करीब 50 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
प्रदर्शनकारियों ने ग्राम बोधनी की सरपंच शालू देवी और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हाइवे पर कटे हुए पेड़ के तने तथा घरों से सामान सड़क पर रखकर करीब डेढ़ घंटे तक हाइवे को जाम रखा प्रदर्शन किया। जाम की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे टस से मस न हुए। जाम लगने से हाइवे पर वाहनों की कतारें लग गई। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आखिरकार आज की बोली रद होने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
सुखविन्द्र कौर, मनजीत कौर, सतविन्द्र कौर, रेखा रानी, परमजीत कौर, अमनदीप कौर, प्रवीन, कुलविन्द्र कौर, राजेन्द्र कौर सुमित्र कौर, गुरदीप कौर, गुरमीत कौर, रजविन्द्र कौर, जसपाल कौर, बलजीत कौर, रणजीत कौर, हरचरण सिंह, बलवंत सिंह, रत्न, भूपिन्द्र, हरभजन सिंह, बलबीर, बलविन्द्र सिंह, गुरनाम सिंह ने बताया कि वे एससी समुदाय से संबंध रखते है और जमीन ठेके पर लेकर उसमें खेतीबाड़ी कर अपना गुजारा करते है। ग्राम पंचायत के पास करीब 900 एकड़ कृषि भूमि है। जिसमें से एक तिहाई भूमि एससी वर्ग के लिए आरक्षित है। आज इस आरक्षित पंचायती भूमि की बोली होनी थी। इसी के चलते वे बोली प्रक्रिया में भाग लेने पहुंचे थे। जहां उन्हें भूमि की बोली देने से पहले दो लाख रुपये की डिमांड की गई। आरोप है कि सरपंच शालू देवी ने उनसे पंचायती भूमि को पट्टे पर लेने के लिए दो लाख रुपये मांगे और रुपये न देने की सूरत में जमीन से हाथ धोने की धमकी दी। इतना ही नहीं सरपंच ने धमकाया कि यदि कोई बोली दाता रुपये नहीं देगा तो उसे पंचायती भूमि को पट्टे पर नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वे गरीब लोग हैं और खेती कर गुजारा कर रहे हैं। उन लोगों के पास इतने रुपये नहीं है। बड़ी मुश्किल से उन्होंने बोली के पैसे इकट्ठे किए है। आरोप है कि सरपंच शालू कुछ दबंग लोगों के साथ मिलकर उनके हिस्से की पंचायती भूमि हड़पना चाहती है और इसी के चलते आज उनसे पंचायती भूमि का पट्टा लेने के लिए दो लाख रुपये की डिमांड की है। मौके पर तहसीलदार चेतना चौधरी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रेम सिंह, डीएसपी धीरज कुमार, एसएचओ प्रतीक कुमार सहित अन्य अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहा।
स्कूल की करनी पड़ी छुट्टी
भूमि की बोली गांव बोधनी स्थित सरकारी स्कूल में रखी गई थी। जिसमें काफी संख्या में बोलीदाता पहुंचे थे। लेकिन प्रशासन को मालूम नहीं था कि बोली प्रक्रिया में हंगामा हो जाएगा। बोली प्रक्रिया में हंगामा व गांव में तनाव की स्थिति के चलते मजबूरन स्कूल की छुट्टी करनी पड़ी।
स्थगित करनी पड़ी बोली
जाम और प्रदर्शन के चलते गांव में तनाव बढ़ गया। इतना हीं नहीं मजबूरन सरकारी स्कूल की छुट्टी भी करनी पड़ी। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने बोली को रद्द कर दिया। ताकि स्थिति काबू में रहे और अब यह बोली 19 मई को होगी सुनिश्चित की गई है।
आरोप निराधार, खुले तौर पर होनी थी बोली : शालू देवी
इस संबंध में गांव बोधनी की महिला सरपंच शालू देवी ने बताया उन लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। ग्राम पंचायत के पास करीब 900 एकड़ खेती के लिए भूमि है। जिसमें से 250 एकड़ भूमि एससी वर्ग के लोगों के लिए आरक्षित है। एससी वर्ग से संबंध रखने वाले कुछ विशेष जाति के लोगों (मजबी सिख) के हिस्से में 250 एकड़ में से 30 एकड़ भूमि आती है। लेकिन ये लोग इस भूमि से अलग 30 एकड़ अतिरिक्त भूमि की डिमांड करने लगे। जो संभव नहीं है। कोई भी बोली दाता बोली लगाकर खुली बोली दे सकता है।
सहमति पर 19 मई को होगी बोली: प्रेम सिंह
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि गांव बोधनी में आज की बोली स्थगित कर दी गई है। सभी गांववासियों की सहमति से यह बोली अब 19 मई को होगी। उन्होंने बताया कि एससी वर्ग से संबंध रखने वाले कुछ विशेष लोग अलग से भूमि की मांग कर रहे थे। जो संभव नहीं है और ना ही इस प्रकार का कोई कानून है। आरक्षित भूमि जो एससी वर्ग के लिए आरक्षित है उसमें से ही उन्हें भूमि पट्टे पर दी जाएगी।
10 नामजद व 30-40 के खिलाफ मामला दर्ज : धीरज कुमार
पुलिस उप अधीक्षक धीरज कुमार व थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। इसमें मामले में पुलिस ने हाइवे जाम करने, रास्ता रोकने के साथ-साथ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जिसमें पुलिस ने 10 लोगों को नामजद करते हुए अन्य 30-40 लोगों पर मामला दर्ज किया है। अब यह बोली 19 मई होगी और आवश्यकता पडने पर पुलिस बल भेजा जाएगा।