उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा के मैंगो मेले में 150 से ज्यादा आम की किस्मों को देखने का अवसर मिलेगा। इस मेले में कुरुक्षेत्र और आसपास के 6 जिलों के किसान भाग ले रहे है। यह किसान अपने-अपने बागों में लगाए गए आम के नमूने भी साथ लेकर आएंगे। इन विभिन्न प्रकार की किस्मों के आमों को मेले में डिस्प्ले किया जाएगा। यह मैंगो मेला 10 से 12 जुलाई तक लाडवा के उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र में बागवानी विभाग की तरफ से लगाया जा रहा है। अहम पहलू यह है कि हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ऑनलाइन प्रणाली से इस मैंगो मेले का शुभारंभ 10 जुलाई को सुबह 10 बजे करेंगे। उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा में मैंगो उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसके लिए बकायदा 3 दिन का शेड्यूल भी तैयार कर लिया गया है। इस शेड्यूल के अनुसार रंगोली, क्वीज, फैंसी ड्रैस आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस मैंगों उत्सव में उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र में पैदा की गई 15 से ज्यादा आमों की किस्मों को भी देखने का मौका मिलेगा। बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. बिल्लू यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बागवानी विभाग की तरफ से मैंगो मेले का आयोजन किया जा रहा है। 10 जुलाई को ऑनलाइन से कृषि मंत्री जेपी दलाल मेले का शुभारंभ करेंगे। मेले के साथ-साथ आम, लीची और चीकू पर वेबिनार का भी उद्घाटन भी करेंगे। इस मैंगो मेले में कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला और कैथल के किसान पहुंचेंगे।