एचआरएमएस पोर्टल पर विश्वविद्यालय कर्मचारियों का डाटा अपलोड करने, ग्रुप सी व डी भर्ती सरकार द्वारा अपने हाथों में लेने के विरोध में सोमवार को ऑल हरियाणा यूनिवर्सिटी इंप्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर कुंटिया ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कुंटिया ने हरियाणा सरकार की तर्ज पर विश्वविद्यालयों में भी कैशलेस मेडिकल सुविधा कर्मचारियों को उपलब्ध करवाने की मांग भी की। इससे पहले सभी कर्मचारी लघु सचिवालय पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं का कहना था कि यह विश्वविद्यालय की स्वायत्तता पर कुठाराघात है और जिस तरह हरियाणा सरकार ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी विश्वविद्यालयों में लागू करने से वापस ली है वैसे ही एचआरएमएस को लागू करने के निर्णय को सरकार तुरंत प्रभाव से वापस ले। प्रधान ने कहा कि एचआरएमएस की अनिवार्यता को विश्वविद्यालय के लिए समाप्त की जाए, क्योंकि विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का डाटा हमेशा से ही विश्वविद्यालय द्वारा ही नियंत्रित किया जाता है और विश्वविद्यालय कर्मचारियों की पदोन्नति व एसीपी लागू करने के लिए भी विश्वविद्यालय प्रशासन ही सक्षम है। कुंटिया महासचिव रविंद्र तोमर, सह सचिव अनिल लोहट , प्रेस सचिव रुपेश खन्ना ने कहा कि विश्वविद्यालय एक स्वायत्त संस्थान है और यहां के ग्रुप सी व डी के पद यहां की कार्यशैली के अनुरूप ही रखें गए हैं तथा हमेशा से ही इन पदों पर विश्वविद्यालय द्वारा ही नियुक्ति की जाती रही है। ग्रुप सी व डी के पदों पर नियुक्ति करने के लिए विश्वविद्यालयों के अधिकार को पुन: बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि कैशलेस मेडिकल सुविधा विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी राज्य की तर्ज पर शीघ्र लागू की जाए। पूर्व प्रधान रामकुमार गुर्जर व पूर्व महासचिव भारत भूषण ने हरियाणा सरकार से आग्रह किया कि समय रहते कर्मचारियों की मांगों को पूरा किया जाए। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओम प्रकाश व ब्लॉक प्रधान आनंद सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार ऑल हरियाणा यूनिवर्सिटी एंप्लाइज फेडरेशन व विश्वविद्यालय कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लें अन्यथा सभी विभागों के कर्मचारी प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस अवसर पर एसकेएस के पूर्व जिला प्रधान संत कुमार, सुनील शर्मा, रामकुमार बोहट, रजवंत कौर, जगदीश खनौदा, रामनिवास, कुलदीप सिंह, जगबीर राणा, तेजा सिंह, राम मेहर, सतपाल ढांडा, अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।