फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kurukshetra News ›   Dr ambedkar statue damage, road jam up to seven hour

डॉ. अंबेडकर की मूर्ति खंडित की, सात घंटे जाम

Sun, 03 Jan 2016 12:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ कुरुक्षेत्र
ब्यूरो/अमर उजाला/ कुरुक्षेत्र Updated Sun, 03 Jan 2016 12:21 AM IST
विज्ञापन
Dr ambedkar statue damage, road jam up to seven hour
ट्रैफिक पुलिस बूथ के सामने स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को शरारती तत्वों ने खंडित कर दिया। इसकी जानकारी होने पर भड़के दलित समाज ने शनिवार को अंबेडकर चौक पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन


घंटों लगे इस जाम के दौरान भीड़ ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार, स्थानीय विधायक का पुतला भी फूंका। आक्रोशित लोगों ने अंबेडकर चौक पर हिसार-हरिद्वार, यमुनानगर-करनाल मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब सात घंटे तक ये मार्ग जाम रहे।
विज्ञापन



सूचना मिलने पर एसडीएम सतबीर कुंडू और डीएसपी शाहाबाद गुरमेल सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब छह बजे सात घंटे बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग जाम खुलवा दिया। पुलिस ने अंबेडकर सभा के प्रधान की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा के अंबेडकर चौक पर खंडित होने की खबर शनिवार सुबह दस बजे के करीब दलित समाज के लोगों को मिली, तो वे भड़क गए। लाडवा अंबेडकर सभा के प्रधान रतन लाल और प्रवीण कुमार बौद्ध के साथ बड़ी संख्या में लोग चौराहे पर पहुंच गए।

उन्हें प्रतिमा कई जगह से खंडित मिली। किसी ने बाबा साहब की प्रतिमा की एक अंगुली, चश्मा और दो जगह से उनका कोट क्षतिग्रस्त कर दिया था। इससे नाराज लोग सड़क पर धरना देने लगे। उन्होंने संगठन और समाज से जुडे़ लोगों को भी इसकी जानकारी दे दी।

इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अंबेडकर चौक पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह दलबल के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी गुरमेल सिंह, नायब तहसीलदार प्रेम सिंह, बीडीपीओ कंवरभान नरवाल घटनास्थल पर पहुंचे।

तब तक गुस्साए लोगों ने मानव शृंखला बनाकर अंबेडकर चौक पर जाम लगा दिया। इससे करनाल, यमुनानगर, शाहबाद और कुरुक्षेत्र रोड पर वाहनों की लाइन लग गई। डीएसपी गुरमेल सिंह ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इसके बाद पुलिस ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए शहर के बाहर से ही वाहनों को गांवों के रास्ते निकलना शुरू कर दिया। इससे गांवों में भी जाम के हालात बन गए।

प्रदर्शनकारियों ने फूंका सरकार और विधायक का पुतला
प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा सरकार, स्थानीय विधायक डॉ. पवन सैनी का पुतला फूंकते हुए नारेबाजी भी की। प्रतिमा के खंडित होने का समाचार मिलते ही बहुजन समाज पार्टी के कई पदाधिकरी भी लाडवा पहुंच गए।

बसपा के उत्तरी जोन प्रभारी डॉ. बलदेव सिंह ने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा का अपमान शर्मनाक है। उन्होंने इसके पीछे भाजपा सरकार का हाथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में भी बाबा साहब की प्रतिमा का अपमान किया जा चुका है।

राष्ट्रपति और राज्यपाल तक उस समय ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अग्रवाल सभा लाडवा के प्रधान वेद प्रकाश सिंघल, सचिव राकेश गर्ग बबली, युवा अग्रवाल संगठन के प्रधान अमन सिंघल ने भी घटना की निंदा की। सभी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बुलानी पड़ी फोर्स
भीड़ बढ़ने पर प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल मंगवा लिया। चार घंटे की मशक्कत के बाद भी डीएसपी और नायब तहसीलदार जाम नहीं खुलवा सके। इसके बाद एसडीएम सतबीर सिंह कुंडू मौके पर पहुंचे। उन्होंने अंबेडकर सभा के प्रधान रतन लाल बनवाल से बात की।

इस पर सभा के प्रधान ने अंबेडकर चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, बाबा साहब की खंडित प्रतिमा के स्थान पर कांसे की प्रतिमा लगाने, अंबेडकर चौक का सौंदर्यीकरण करने, अंबेडकर चौक पर पुलिस चौकी स्थापित करने, प्रतिमा खंडित करने वाले दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग रखी।

इस पर एसडीएम सतबीर सिंह कुंडू ने कहा कि कांसे की प्रतिमा लगवाना उनके अधिकार क्षेत्र में नही है। अन्य मांगों को मानने का अश्वासन उन्होंने लोगों को दिया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने जाम नहीं खोला।

सात घंटे बाद खुला जाम
आक्रोशित लोगों द्वारा लगाया गया जाम सात घंटे के बाद ही खुल पाया। जाम खुलवाने के लिए प्रशासन के साथ भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. गणेशदत्त ने भी प्रयास किए।

प्रदर्शन कर रहे लोगों के अगुवा रतनलाल बनवाल, राम लाल, डॉ. बलदेव सिंह को स्थानीय विधायक डॉ. पवन सैनी से रविवार सुबह मिलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद अंबेडकर सभा लाडवा के प्रधान रतन लाल बनवाल ने प्रदर्शन स्थगित कर दिया।

महिलाओं के हाथ जोड़े, युवाओं को खदेड़ा
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से घर जाने की अपील की, लेकिन महिलाएं और युवा जाम खोलने के लिए तैयार नहीं हुए।

युवाओं ने यमुनानगर रोड पर सत्यम एनक्लेव के सामने भी जाम लगा दिया। इस पर डीएसपी गुरमेल सिंह ने पुलिस फोर्स को जबरन जाम खुलवाने के आदेश दे दिए। इसके बाद पुलिस बल ने वाहनों को रोक रही महिलाओं को हाथ जोड़ते हुए एक ओर हटा दिया। बाद में पुलिस ने यमुनानगर रोड पर जाम लगा रहे युवाओं को खदेड़ दिया।


घटना अति निंदनीय है। अंबेडकर सभा की मांगों में मुख्य रूप से चौक पर पुलिस चौकी स्थपित करने, चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, चौक का सौंदर्यीकरण करने की मांग को प्रशासन ने मान लिया है। बाबा साहब की कांस्य प्रतिमा लगवाने का काम हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
सतबीर सिंह कुंडू, एसडीएम, थानेसर।

प्रतिमा खंडित करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करके दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करेगी।
गुरमेल सिंह, डीएसपी, शाहाबाद।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed