थानेसर अनाज मंडी में फायरिंग से हड़कंप: दो दोस्तों में कहासुनी के बाद चली गोली, एसपीओ का बेटा घायल, आरोपी फरार
कुरुक्षेत्र की थानेसर अनाज मंडी में फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। यहां कुछ युवकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और नौबत गोलीबारी तक पहुंच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुरुक्षेत्र की थानेसर अनाज मंडी में फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। यहां कुछ युवकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और नौबत गोलीबारी तक पहुंच गई। थानेसर अनाज मंडी में सोमवार शाम करीब 6:15 बजे दो पुराने दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद एक दोस्त से दूसरे दोस्त पर गोली चला दी। इस गोलीबारी की घटना में 18 वर्षीय किरमिच गांव निवासी प्रिंस गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
सुभाष मंडी चौकी प्रभारी के अनुसार अनाज मंडी में कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद के दौरान एक युवक ने गोली चला दी, जो प्रिंस की पीठ में लगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल और आरोपी के बीच दोस्ती थी, लेकिन किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद ने अनाज मंडी में हिंसक रूप ले लिया, जहां आरोपी ने पहले हवाई फायर किए और फिर प्रिंस पर गोली चला दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर उसकी तलाश में जुटी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार जख्मी प्रिंस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिक गहलोत के ड्राइवर एसपीओ गुलाब सिंह का बेटा है। इस घटना से दहशत का माहौल है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।