भाजपा शासन का एक साल पूरी तरह विफल : हुड्डा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की खट्टर सरकार केवल फीता काटने वाली सरकार है और कोई भी नई योजना का नींव पत्थर नहीं रख सकी है।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष के कार्यकाल में सिवाय घोषणाओं और खोखले वादों के कुछ नहीं हुआ या फिर उनके समय की चलाई हुई योजनाओं के फीते काटे गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को किसानों, आढ़तियों की हालत को जानने के लिए शाहाबाद, पिपली और शहर की नई अनाजमंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा की खट्टर सरकार को विफल और बेदर्द सरकार की संज्ञा दी और कहा कि हर वर्ग किसान, मजदूर, व्यापारी, शहरी व ग्रामीण में त्राहि त्राहि मची है। घोषणा पत्र में हजारों बेरोजगारों को नौकरी देने का वायदा था, लेकिन 27 हजार लोगों को बेरोजगार करते हुए घर बिठा दिया और बेरोजगारी भत्ते का कोई अता पता नहीं है।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है और सरकार की विफलता का सबसे बड़ा सबूत ये है कि मासूम बच्चों को जिंदा जला दिया गया। हालांकि यह बात कहते हुए हुड्डा की जुबान जरा सी फिसल गई और वो भाजपा सरकार की विफलता की बजाय कांग्रेस सरकार की विफलता बोल गए।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के घोषणा पत्र व एक वर्ष में किए कार्यों पर सवाल तैयार कर रहे हैं। यदि उनका जवाब सरकार ने नहीं दिया तो कांग्रेस हर मोर्चे पर सरकार को घेरेगी। बिजली के बढ़े बिलों पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। इसके पश्चात वे शांति नगर स्थित कांग्रेस नेता जलेश शर्मा के आवास पर भी गए और वहां कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
दाल महंगी और चिकन सस्ता : कुलदीप पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक कुलदीप शर्मा ने मोदी सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि मोदी सरकार में मुर्गों की शामत आ गई है। इस सरकार के शासनकाल में दाल महंगी हो गई है और चिकन उससे सस्ता हो गया है। क्या यही अच्छे दिन आए हैं ? भाजपा शासनकाल को राहुकाल बताया और कहा कि वैसे तो राहुकाल एक वर्ष का होता है, लेकिन ये राहुकाल पांच वर्ष के लिए झेलना होगा। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री हरमोहिंदर सिंह चट्ठा, डा. रामप्रकाश, कैलाशो सैनी, पवन गर्ग आदि उपस्थित रहे।
दलित विरोधी है भाजपा सरकार शाहाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शाहाबाद की अनाज मंडी के दौरे के पश्चात् कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार दलित विरोधी है। गोहाना और फरीदाबाद की घटनाएं इसकी साक्षी हैं। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार हर क्षेत्र में फेल है और प्रदेश का हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है।
किसान अपना धान औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इससे पूर्व मंडी में किसानों से मिलकर पूर्व मुख्यमंत्री ने समस्याएं जानी और व्यापारियों से भी बातचीत की। नई अनाज मंडी में ब्लाक अध्यक्ष डॉ. प्रदीप गोयल, पप्पू ढींडसा तथा जसबीर सिंह की दुकान पर जलपान का इंतजाम भी किया गया था।
इस अवसर पर जगमोहन सेठी, राम कुमारी शर्मा, अमित सिंघल, राजेश शर्मा, टेक चंद शर्मा, ललित भार्गव, प्रदीप गोयल, यशपाल वधवा, रणजीत त्यौड़ी, दीपक कक्कड़, सारजेंट सिंह, तिरलोचन हांडा, हरकेश सिंह, राकेश गोयल, बिल्ला वडैच, मेवा सिंह, संजीव गोयल, राजीव अग्रवाल, अनिल भुक्कल, प्रवीण बंसल तथा हर्ष वर्धन कोहली सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।