कुरुक्षेत्र: डीएपी खाद नहीं मिलने से गुस्साए किसानों ने लाडवा-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर लगाया जाम, करना पड़ा रूट डायवर्ट
जाम लगने से पौन घंटा तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इफ्को की ओर से दिवाली के बाद खाद उपलब्ध कराने के आश्वासन पर किसान माने।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डीएपी खाद न मिलने से गुस्साए किसानों से सुबह हरियाणा के कुरुक्षेत्र में लाडवा-सहारनपुर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। करीब पौन घंटा जाम लगने से सड़क पर वाहनों की कतारें लग गईं। आनन-फानन में पुलिस की ओर से रूट डायवर्ट किए गए। वहीं जाम की भनक लगते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान डीएपी लिए बगैर सड़क से उठने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने इफ्को अधिकारियों से किसानों की वार्ता कराई। दिवाली के बाद खाद उपलब्ध कराने के आश्वासन पर किसान हटने को तैयार हुए।
किसानों का कहना था कि वे डीएपी लेने के लिए इफ्को के आगे मंगलवार सुबह चार बजे से ही लाइन में लग गए थे। आठ बजे के करीब उन्हें कहा जाता है कि डीएपी नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि अब डीएपी दिवाली के बाद आएगा, इसलिए सभी किसान दिवाली के बाद ही आएं।
इस दौरान किसानों ने अधिकारियों पर सिर्फ अपने चहेतों को डीएपी देने का आरोप लगाया और सुबह करीब साढ़े नौ बजे किसान पिपली अनाज मंडी के समीप इफ्को के सामने सड़क पर बैठ गए। ट्रैक्टर और मोटरसाइकिलों को सड़क के बीच में खड़ा कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। जाम लगने की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस पहुंच गई और किसानों को जाम खोलने के लिए कहा। इस पर किसानों ने खाद दिलाने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी ने उन्हें अधिकारियों से बातचीत कराकर समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने करीब सवा 10 बजे जाम खोला। किसानों के साथ इस दौरान महिलाएं भी सड़क पर धरने बैठी थीं।
यह भी पढ़ें ः खुद को पंडित बताकर महिला को ठगा: कहा- आपसे माता लक्ष्मी नाराज हैं, 81 कदम चलकर आओगी तो मान जाएंगी, सामान लेकर हुए फरार
खाद किल्लत का मुद्दा उठा, ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव पास
ब्रह्मसरोवर स्थित निजी पैलेस में मंगलवार को जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन प्रवीण चौधरी ने कार्यकर्ताओं संग बैठक की। बैठक में प्रवीण चौधरी ने किसानों को डीएपी खाद न मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को आलू व गेहूं के लिए डीएपी खाद की जरूरत है, लेकिन किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बैठक में खाद किल्लत के लिए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में संजय चौधरी, रमेश, सतपाल, यशपाल, गुरचरण, अमन कंबोज, अजमेर सिंह, महेंद्र, रमेश खेड़ी, ईशम सिंह, शिवचरण शर्मा, ईश्वर शर्मा, देवेंद्र और नसीब मौजूद रहे।