कुरुक्षेत्र। डिजिटल अरेस्ट करके 64 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में लुधियाना जिला के जगरांव के रहने वाले चंचल कुमार उर्फ विक्की को साइबर थाना की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शहर के रहने वाले सेवानिवृत बैंक कर्मचारी विद्या सागर को फोन कर कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि आपके नाम से मलेशिया से एक पार्सल आया है, जिसमें ड्रग्स हैं, जिसके चलते आपको डिजिटल अरेस्ट किया जाता है। थोड़ी देर बाद आरोपी फिर फोन करता है और उसे कहता है कि इस पार्सल को रोकने के लिए आपको मुंबई पुलिस को शिकायत देनी होगी। ऐसा न करने पर आपको पांच साल की जेल व पांच लाख का जुर्माना लग सकता है। शिकायत दर्ज करवाने के लिए आरोपी ने उनके व पत्नी के सारे बैंक अकाउंट की जानकारी मांगी और बोला इसके बारे में किसी को बताना नहीं तो जांच हो सकती है।
कुछ समय बाद आरोपी ने सीबीआई का अधिकारी बताते हुए ड्रग्स का केस होने की बात कही व मामले को दबाने के लिए सारी एफडी तोड़ रुपये उसके खाते में डलवाने को कहा तो उन्होंने 64 लाख से अधिक रुपये उनके खाते में डलवा दिया। मामले में शिकायत के बाद उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। साइबर थाना के इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ व जांच में पता चला की आरोपी के खाते में सिर्फ 10 लाख रुपये ही आए है। बाकी रुपयों का चेक आरोपी ने अपने आढ़ती को दे दिए थे, जिसने खाते से रुपये निकाल लिए हैं। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।