तीन अलग- अलग सड़क दुर्घटनाओं में भूतपूर्व सैनिक व दंपति सहित आठ लोग घायल हो गए। थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सरुप चंद वासी गांव प्रहलादपुर ने कहा कि वह अपने गांव के ही जयसिंह के साथ 14 जुलाई को अपनी बाइक पर -लाडवा अनाज मंडी एसबीआई बैंक से पैसे लेकर आ रहे थे। जैसे ही वह दोनों अनाज मंडी का गेट क्रॉस करके रादौर वाली सड़क की तरफ मुडे तो साइड से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन दोनों को लाडवा सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। उधर, सदर थाना थानेसर में जसविंद्र सिंह वासी गांव दयालपुर ने बताया कि 15 जुलाई शाम करीब 5 बजे वह अपने साथी धर्मबीर वासी भाणा, नवीन वासी टयोंटा (कैथल) व प्रदीप वासी आलमपुर कुरुक्षेत्र से बोलेरो गाड़ी में सवार होकर अपने काम से भादसों (करनाल) गए थे। रात करीब साढ़े 9 बजे वह वाया उमरी से कुरुक्षेत्र आ रहे थे। जब वह उमरी के पास पहुंचे तो सड़क पर बीच में एक कैंटर खड़ा था। इसके चालक ने कोई इन्डीगेटर, रिफलैक्टर, बैक लाइट व अन्य कोई ट्रैफिक कोण नहीं लगा रखा था, जिस कारण उनकी गाड़ी की सीधी टक्कर कैंटर में पीछे लगी और वह चारों घायल हो गए। उसके गांव के ही कंवरपाल उर्फ कर्मसिंह ने इलाज के लिए निजी अस्पताल दाखिल कराया। पुलिस ने शिकायत पर कैंटर नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। तीसरे मामले में लाडवा थाने में दर्ज राजकुमार वासी रामपुर हेडीयान (यमुनानगर) ने कहा कि 8 जुलाई को वह अपनी पत्नी शिक्षा देवी के साथ अपनी ससुराल गढ़ी साधान से बाइक पर मुस्तफाबाद से होकर अपने घर जा रहे थे। जब वह गांव गणगौरी बिजली बोर्ड के पास पहुंचे तो लाडवा की तरफ से आई वर्ना कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह दोनों बाइक सहित सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर उनको लाडवा सरकार अस्पताल दाखिल कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कल्पना चावला अस्पताल करनाल रेफर कर दिया था। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।