मंडियों में बारदाने की किल्लत से आढ़ती और किसान परेशान हैं। मंगलवार को कस्बे की जुंडला अनाज मंडी में जब बारदाना आया तो उसे लेने को लेकर आढ़तियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। उन्होंने एक-दूसरे पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए जुंडला चौकी में शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
देवी प्रशंात निवासी पिचौलिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जुंडला मंडी में आढ़त की दुकान है। मंगलवार को करीब 11.20 बजे जब वह मायाराम के पास अपना बारदाना मांगने गया तो उसने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौच शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो उसने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अन्य आढ़तियों ने उसे छुड़वाया। वहीं दूसरी ओर, माया राम निवासी हथलाना ने बताया कि वह अपनी दुकान पर मंडी के प्रधान की ओर से दी गई सूची के अनुसार बारदाना वितरित कर रहा था । इस दौरान देवी प्रशांत आया और मुझे गाली देने लगा। इसके बाद उसने बारदाने की लिस्ट फाड़ दी। आढ़तियों के बीच बचाव पर बात खत्म हो गई। बारदाना वितरित करने के बाद जब मैं मार्केट कमेटी गया हुआ था तो देवी प्रशांत ने करीब 10-12 लोगों के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया। कमेटी कर्मचारियों के बीच में आने के बाद वो मुझे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।