करनाल: दुधारू पशु नस्लों की दुग्ध दैहिक कोशिकाओं की गणना कर मानक होंगे तय, एनडीआरआई को जिम्मा
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय दुग्ध उत्पादों को गुणवत्ता के मापदंडों की कसौटी पर खरा उतारने के लिए यह क्रांतिकारी कदम साबित होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत में सभी दुधारू पशु नस्लों की दुग्ध दैहिक कोशिकाओं (सोमैटिक सेल्स) की गणना की जाएगी। जैव प्रौद्योगिकी विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने यह जिम्मा हरियाणा स्थित राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) करनाल को दिया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय दुग्ध उत्पादों को गुणवत्ता के मापदंडों की कसौटी पर खरा उतारने के लिए यह क्रांतिकारी कदम साबित होगा। सभी पशु नस्लों के दूध के सोमैटिक सेल्स का मानक निर्धारित करने के उपरांत हम वैश्विक बाजार में अपने उत्पाद निर्यात कर सकेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि हम 198 मिलियन मीट्रिक टन सालाना दूध उत्पादन के साथ विश्व में प्रथम स्थान पर हैं। भारत में दूध वसा प्रतिशत के आधार पर बेचा जाता है। विकसित देशों में दुग्ध से उत्पाद बनाने वाली कंपनियां कम दैहिक कोशिकाओं के दूध के लिए एक प्रीमियम का भुगतान करती हैं।
मुर्राह, साहिवाल, थारपारकर व संकर गाय के दूध पर शोध सफल
एनडीआरआई के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार डांग पिछले करीब 15 वर्ष से दुधारू पशु नस्लों के सोमैटिक सेल्स की गणना पर काम कर रहे हैं। अब तक मुर्राह भैंस, गायों में साहिवाल, थारपारकर व संकर नस्ल गाय के दूध पर शोध पूरा हुआ है। इनके दूध के सोमैटिक सेल्स का मानक निर्धारित किया गया है। डॉ. डांग ने बताया कि मुर्राह भैंस के प्रति मिलीलीटर दूध में एक लाख श्वेत कोशिकाएं उचित हैं।
थारपारकर गाय के दूध में 1.25 लाख, साहिवाल गाय के दूध में 1.50 लाख, संकर गाय के सामान्य दूध में 1.50 से दो लाख तक होना उपयुक्त होता है। इनके ज्यादा होने पर दूध की संरचना में अंतर आ जाता है। किसी भी स्तन ग्रंथि संक्रमण से दूध में इन कोशिकाओं में वृद्धि होती है और उत्पादित दूध के खराब होने का संकेत मिलता है।
दूध में अधिक सोडियम क्लोराइड, प्रोटीन व श्वेत कोशिकाएं आती हैं। संक्रमित गायों के दूध में लैक्टोज के प्रतिशत में कमी देखी गई है। अनुसंधान ने संकेत दिया है कि इससे खराब दही, कम पनीर की उपज व डेरी उत्पादों के तकनीकी गुणों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
दैहिक कोशिकाएं शरीर की व्युत्पन्न कोशिकाएं जो सामान्य रूप से दूध में निम्न स्तर पर मौजूद होती हैं। दूध में आने वाली श्वेत रक्त कोशिकाएं सभी रक्त में पैदा होने वाली दैहिक कोशिकाएं हैं और रक्षा प्रणाली के हिस्से के रूप में काम करती हैं। यह दूध में लगातार कम मात्रा में आती रहती है। उनका प्राथमिक कार्य बीमारी से लड़ना और क्षतिग्रस्त उत्तकों की मरम्मत में सहायता करना है।
ये बरतें उपाय
- स्वस्थ पशु हो और पशुशाला साफ-सुथरी हो।
- दुग्ध दोहन से पहले थन और अयन को साफ रखें।
- दुग्ध दोहन करने वाला व्यक्ति स्वच्छ तथा साफ सुथरा रहना चाहिए।
- पशु के अनुसार दूध दोहने की मशीन का दाब ठीक रखें।
- गायों से दूध निकालने के बाद उन्हें कुछ देर तक खड़ा रहने दें।
- दूध निकालने के बाद साफ सुथरे बर्तन में रखें।
- दूध दोहने के बाद थनों को आयोडीन की घोल में डुबोना चाहिए।
- विटामिन ई, जिंक आदि सक्षम पोषक तत्व देने से दुग्ध कथिक कोशिकाएं कम होती हैं।
- पशु को अधिक गर्मी और ठंड से बचाना चाहिए।
- थनैला से पीड़ित पशु को अलग रखें और उसका दुग्ध दोहन आखिर में करना चाहिए।
- पशु तनावमुक्त हो।
- हर 15 दिन पर कैलिफोर्निया मास्टिटिस टैस्ट और दैहिक कोशिकाओं की गणना से दूध की जांच करनी चाहिए।