फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Karnal News ›   People get sick after drinking contaminated water, responsible irresponsible

दूषित पानी पीकर लोग बीमार, जिम्मेदार बेपरवाह

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 27 Aug 2021 01:29 AM IST
विज्ञापन
People get sick after drinking contaminated water, responsible irresponsible
करनाल। शहर के अशोक नगर और सुभाष गेट में लगभग दो माह से गंदे और कीड़ेयुक्त पानी की आपूर्ति हो रही है, लेकिन जिम्मेदार बेपरवाह हैं, जिसका खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि क्षेत्र में लगातार डायरिया के मरीज बढ़ रहे हैं और अधिकारी अंजान हैं, जबकि समस्या के संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगम को पत्र भी लिखा जा चुका है। वहीं कॉलोनिवासियों का कहना है कि अब उन्हें पानी पीने से भी डर लग रहा है।
विज्ञापन

अशोक नगर और सुभाष गेट में लगभग दो माह से डायरिया के मरीज सामने आ रहे हैं। अब तक 55 से अधिक लोग डायरिया की चपेट में आ चुके हैं। इसमें एक साल के मासूम बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उन्होंने पत्र भेजकर नगर निगम व जन स्वास्थ्य विभाग को शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने और दोनों कॉलोनियों के हालातों के बारे में पहले ही अवगत करा दिया था, लेकिन इसके बावजूद भी नगर निगम की ओर से गंदा व कीड़ों वाले पानी की आपूर्ति हो रही है। यही हाल रहा तो कॉलोनी में हालात और बिगड़ सकते हैं और पूरे शहर में डायरिया फैल सकता है।
विज्ञापन

घर-घर जाकर बांट रहे हैं क्लोरीन की गोलियां
स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीमों का गठन किया गया है, जो एएनएम अंजू के नेतृत्व में घर-घर जाकर बीमार मरीजों की जानकारी एकत्रित कर रही है। साथ ही क्लोरीन की गोलियां दी जा रही हैं, ताकि वह पेयजल में डालकर पानी को शुद्ध कर पी सके। लोगों को पानी उबालकर भी पीने की सलाह दी जा रही है। इससे अलग अशोक नगर गुरुद्वारा में अस्थाई ओपीडी भी शुरू की गई है, जहां लोगों को उपचार देने के साथ जागरूक किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

दो महीने से आ रहा है गंदा पानी, कीड़े रेंगते दिखते हैं...
कॉलोनी के लोगों को कहना है कि पिछले दो महीने से गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिसमें कीड़े रेंगते रहते हैं। जिसकी शिकायत कई बार कर चुके हैं पर प्रशासन ने सुध नहीं ली। खामियाजा बीमार होकर भुगत रहे हैं। सभी ने मुख्यमंत्री और उपायुक्त से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
न डोजर न दवाई फिर भी सप्लाई
स्वास्थ्य विभाग के सीनियर सेनेटरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र ने बताया कि पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित जल घर से दोनों कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति होती है। जब वहां निरीक्षण के लिए गए तो आश्चर्य हुआ कि वहां न तो डोजर है और न ही क्लोरीन की दवाई और फिर भी पानी की आपूर्ति की जा रही है। विदित हो कि डोजर मशीन के माध्यम से ही पीने के पानी में क्लोरीन डाला जाता है।

सात दिन अस्पताल में रही बच्ची
हालात बेहद खराब हैं। सुभाष गेट निवासी प्रिंस ने बताया कि कई बार पानी पीने लायक नहीं होता। सात दिन बाद बीमार बेटी ख्वाहिश को अस्पताल से छुट्टी मिली है।
गंदा पानी पीने की वजह से बीमार हुई हूं। काफी समय से बदबूदार पानी आ रहा है। -मीना अशोक नगर
पानी में कीड़े चलते रहते हैं, जिसको पीना मजबूरी है। उसी के कारण सुबह से उल्टी-दस्त हो रही है। - शोभा अशोक नगर
निजी अस्पताल में दाखिल बुजुर्ग ने बताया कि अचानक दस्त लगने से तबीयत खराब हुई है। -पुष्पा अशोक नगर
पांच साल की रूषि के पिता ने बताया कि उल्टी-दस्त लगने के बाद बेटी को अस्पताल में दाखिल करवाया था। - रूषि अशोक नगर
एक वर्षीय साहिल के पिता ने बताया कि गंदा पानी पीने से उसका बेटा बीमार हुआ जो अस्पताल से 9 दिन बाद घर आया। -साहिल अशोक नगर
कई बार शिकायत कर चुके हैं कि पानी में कीड़े आते हैं पर कोई सुनवाई नहीं करता। - रिंकी अशाक नगर
आज सुबह जो पानी आया उसमें कीड़े थे जिसको पीना तो दूर अन्य काम में भी इस्तेमाल नहीं कर सकते। - ममता सुभाष गेट
पिछले दो दिन बहुत गंदा पानी आया जिसको पीकर बीमार हो रहे हैं। जल्द समाधान होना चाहिए। - मीनू सुभाष गेट
मरीजों की संख्या में कमी आई है। विभाग की ओर से गठित टीमें घर-घर जाकर दवाइयां वितरित कर लोगों को बचाव के तरीके बता रही हैं।
- योगेश शर्मा, सीएमओ करनाल
कर्मचारियों को भेज कर जांच करवाई जाएगी, जहां दिक्कत होगी उसको दूर करवा दिया जाएगा।
-अक्षय भारद्वाज, एक्सईएन नगर निगम
मामला अभी संज्ञान में आया है जिसको तुरंत प्रभाव से चेक करवा कर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
- मनोज कुमार, आयुक्त, नगर निगम
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed