Haryana: एएसआई संजीव का राजकीय सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार, कनाडा से पहुंचे बेटे ने दी मुखाग्नि
मंगलवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने एएसआई संजीव की गोली मारकर हत्या की थी। कनाडा से पहुंचे बेटे योगेश ने पिता को मुखाग्नि दी।
विस्तार
हरियाणा के करनाल के कुटेल गांव निवासी एवं कुरुक्षेत्र क्राइम ब्रांच में तैनात संजीव का वीरवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे योगेश ने कनाडा से आकर अपने पिता को मुखाग्नि दी। उनकी शव यात्रा में विधायक हरविंद्र कल्याण, डीएसपी मनोज कुमार सहित राजनीतिक, धार्मिक संस्थाओं व ग्रामीणों ने हिस्सा लिया है। जैसे ही गांव में शव पहुंचा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
इधर, अभी तक हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। कुरुक्षेत्र के क्राइम ब्रांच में तैनात संजीव (42 वर्ष) मंगलवार की रात करीब साढ़े सात बजे खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने के लिए निकले थे। उसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन पर दो गोलियां दाग दी।
एक गोली उनके सिर पर और दूसरी कमर में लगी। जिसके बाद उपचार के लिए उन्हें करनाल स्थित एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं।
एएसआई संजीव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे। जल्द पुलिस इस घटना में सफलता हासिल करेगी। -मनोज कुमार, डीएसपी, घरौंडा