मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई घोषणाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को डीसी प्रदीप दहिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की साथ बैठक की। उन्होंने सीएम घोषणाओं के तहत चल रहे कार्यों का क्रमवार तरीके से समीक्षा की। कार्यों के समय पर निपटान को लेकर सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
डीसी ने कहा कि सीएम की घोषणाओं को लेकर संबंधित विभाग तेज गति से कार्यों को पूरा करवाएं। यदि कोई घोषणा दो या दो से अधिक विभागों से संबंधित हैं तो ऐसे में सभी विभाग आपसी तालमेल कर विकास कार्यों को पूरा करवाएं। इसके अतिरिक्त जिन घोषणाओं पर मुख्यालय द्वारा कार्रवाई होनी है। उनका फॉलोअप भी नियमित रूप से किया जाए। गांवों में बनने वाली व्यायामशालाओं, पशु चिकित्सालयों, नर्सिंग होम, सडक़ कार्य, जिले के विकास कार्य, आंधली गांव में खेल स्टेडियम, सोंगल गांव में जूडो हॉल, चीका-पटियाला बाइपास, गुहला में कैनाल मार्ग, गांवों में बनने वाली लाइब्रेरी इत्यादि कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली। इस मौके पर एसडीएम संजय कुमार, नवीन कुमार, विरेंद्र ढुल, सीइओ जिला परिषद सुरेश राविश, गुलजार अहमद, डीडीपीओ जसविंद्र सिंह, एक्सईएन प्रशांत, सतपाल सिंह, सिविल सर्जन डॉ जयंत आहुजा, डीइओ अनिल व अन्य सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।