राजौंद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाखौली के सब सेंटर सोंगल गांव में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप के दिशा-निर्देशानुसार किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बेटियों के महत्व और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूक किया गया। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी सुमन बाला ने कहा कि कन्या भी परिवार के लिए खुशी का कारण है। बेटियों को जन्म लेने और आगे बढ़ने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियां घर को रोशन करने के साथ-साथ शिक्षा, खेल, सेना और अन्य क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं। सुमन बाला ने पीएनडीटी एक्ट की जानकारी दी और बताया कि कन्या भ्रूण लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या कानूनन अपराध है। कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धनपति, रीना देवी, आशा वर्कर अमनप्रीत, कमलेश रानी, कौशल्या, किरण और सुदेश ने सहयोग किया।

ग्रामीणों को जागरूक करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। विज्ञप्ति