कैथल। पंचकूला में आयोजित हुई खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कैथल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। खेलो इंडिया में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर लासू यादव ने स्वर्ण तो स्नेहा तंवर ने कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ी मंगलवार को कैथल पहुंची। यहां पहुंचने पर खेल विभाग की तरफ से सम्मान समारोह आयोजित किया।
दोनों खिलाड़ियों के सम्मान में शहर में विजय जुलूस निकाला। मुख्यातिथि समाजसेवी सुनीता ने खिलाड़ियों को गले में पदक पहनाकर सम्मानित किया। बाक्सिंग कोच राजेंद्र सिंह ने बताया कि लासू यादव ने 70 किलो भार वर्ग की बॉक्सिंग में दिल्ली की खिलाड़ी को हराया था। स्नेहा तंवर सेमीफाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की बॉक्सर से हार गई थी। दोनों ही खिलाड़ी पिछले लंबे समय से काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
जिला खेल अधिकारी अमरजीत सिंह ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक लाने वाले सभी खिलाड़ियों को विभाग की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर कोच गुरमीत सिंह, विक्रम ढुल, सुनील, महिंद्र, गुरदीप भोला, अनूप धीमान अमरजीत कोच, अनूप धीमान, सुनील पीटीआई, संदीप डीपीई, राजेंद्र कोच, डॉक्टर नर सिंह, देवेंद्र आदि मौजूद रहे।