Kaithal: विदेश भेजने के नाम पर युवक को बंधक बनाकर 13 लाख मांगने वाले गिरफ्तार, 16 दिन बाद पीड़ित को कराया रिहा
मुंबई से पांच आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है। 16 दिन बाद कोलकाता से पीड़ित को रिहा कराया है। पुलिस के अनुसार अपहरण और बंधक बनाकर वसूली करने वाला गिरोह मुंबई से ही संचालित हो रहा था।
विस्तार
एसपी मकसूद अहमद ने अपने कार्यालय में मीडिया से बातचीत में बताया कि गांव बाकल निवासी गुरुदेव ने पांच नवंबर को शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि 28 अक्तूबर को उसके गांव के अवतार सिंह के माध्यम से उत्तर प्रदेश के रिठौड़ा निवासी देवेंद्र और रुद्रपुर निवासी गुरुदेव सिंह उसके भाई को कनाडा भेजने के लिए लेकर गए थे।
आरोपी उसके भाई को पहले कोलकाता ले गए। वहां पर उन्होंने उसके भाई को बंधक बना लिया। फिर आरोपियों ने उसके भाई की उससे वीडियो काल और ऑडियो काल से बात करवाई, जिनमें वह डरा सहमा लग रहा था। आरोपियों ने उसके भाई से मारपीट करके उससे 13 लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर थाना पूंडरी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। साथ ही मामले की जांच सीआईए-1 पुलिस को सौंपी गई थी। सीआईए वन पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रिठौड़ा कला निवासी गुरदेव उर्फ देव को काबू कर लिया। आरोपी का न्यायालय से 10 दिन का पुलिस रिमांड भी हासिल किया गया।
आरोपी गुरदेव ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया था कि कोई देसाई नाम का व्यक्ति इस गैंग को चला रहा है जो अपने आप को कोलकाता का बताता है। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि पुलिस के लिए युवक की जान बचाना सबसे अहम था।
जांच के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया कि पुलिस कार्रवाई की भनक गिरोह सदस्यों को न लगे। इसके लिए पीड़ित युवक के भाई और धरे गए आरोपी गुरदेव को लेकर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और गिरोह सरगना के बताए ठिकाने के अनुसार 10 लाख रुपये दिए, जो हवाला के जरिए मुंबई भेजी गई।
इसके बाद टीम ने मुंबई पुलिस की मदद से राशि लेने आए युवकों को काबू किया। फिर धरे गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी फरेशिया रानी सतीवाल मार्ग मलाड ईस्ट पठानवाड़ी निवासी अब्दुल करीम रहमान कुरैशी को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा धरे गए आरोपियों में मुंबई की महालक्ष्मी सोसाइटी कांदिवली निवासी शशांक, गोदरेज हाईट कांदीवली निवासी मोईन कुरेशी उर्फ देसाई, उर्मरा पार्क पठानवाड़ी मलाड़ निवासी समीर काजी और नगला चिकन मथुरा निवासी अखिलेश कुमार शामिल हैं।
युवक को ऐसे करवाया आरोपियों के चंगुल से मुक्त
सीआईए-1 पुलिस की टीम आरोपी गुरुदेव और शिकायतकर्ता को साथ लेकर मुंबई पहुंची। पुलिस ने पहले अपहरण किए गए विक्रम की जान की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए अब्दुल करीम रहमान कुरैशी उर्फ देसाई नाम के व्यक्ति को पैसे देने की योजना बनाई। इससे पहले पुलिस ने देसाई के बताए गए ठिकाने के अनुसार दिल्ली में 10 लाख रुपये दे दिए थे। इसके बाद भी देसाई ने अपहरण किए गए विक्रम को छोड़ने से मना कर दिया। फिर पुलिस ने योजना बनाकर पैसे लेने वाले व्यक्ति की जानकारी ली। मुंबई के जेवली बाजार में दो लाख रुपये लेने आए आरोपी गोदरेज हाईट कांदीवली निवासी मोईन कुरैशी उर्फ देसाई और नगला चिकन मथुरा निवासी अखिलेश कुमार को काबू कर लिया।
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि अब्दुल करीम रहमान ही देसाई है, जो अपना काल्पनिक नाम देसाई रखकर पैसे की मांग कर रहा था। अब्दुल करीम रहमान उर्फ देसाई से पूछताछ पर पता चला कि इन्होंने विक्रम का अपहरण कर कोलकाता में रखा हुआ है। इनकी गैंग के अन्य सदस्य वहां पर मौजूद हैं। अपहरण किए गए लड़के की जान की सुरक्षा को देखते हुए अब्दुल करीम रहमान उर्फ देसाई के माध्यम से ही कोलकाता के सदस्यों को फोन करवाया गया। उसने कहा कि पूरे पैसे आ गए हैं। इसके बाद अब्दुल करीम रहमान उर्फ देसाई के इशारे पर ही गैंग के सदस्यों ने टिकट कराकर विक्रम को कोलकाता एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए बैठा दिया। सीआईए-1 पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से पीड़ित विक्रम को अपने साथ लिया और कैथल पहुंचे। पीड़ित विक्रम ने पुलिस को बताया कि कैसे आरोपियों ने बंदूक की नोक पर फोन करवाकर पैसे मंगवाए। एसपी ने कहा कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
एक टीम ट्रेन से तो दूसरी हवाई जहाज से पहुंची मुंबई
पूरे मिशन में पीड़ित के भाई और पहले काबू किए गए आरोपी युवक के साथ पुलिस की दो टीमें मुंबई पहुंचीं थीं। इसमें एक टीम हवाई जहाज से तो दूसरी टीम ट्रेन से मुंबई पहुंचीं। अब पुलिस पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली को जांचते हुए कोलकाता भी जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस गिरोह के तार जुड़े हैं या नहीं?
आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस
आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद कैथल पुलिस की टीम कोलकाता जाएगी, जहां इस युवक का अपहरण करके रखने वाले युवकों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस को रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि गुजरात के एक युवक का भी अपहरण करके कोलकाता में रखा गया था।