{"_id":"63ea8ff8a7d43130050818b7","slug":"home-minister-amit-shah-will-give-the-president-color-award-to-haryana-police-2023-02-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: पुलिस जवानों को राष्ट्रपति कलर अवॉर्ड से नवाजेंगे अमित शाह, सीएम भी रहेंगे मौजूद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: पुलिस जवानों को राष्ट्रपति कलर अवॉर्ड से नवाजेंगे अमित शाह, सीएम भी रहेंगे मौजूद
Tue, 14 Feb 2023 07:00 AM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, करनाल (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, करनाल (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 14 Feb 2023 07:00 AM IST
सार
हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचेंगे। सीएम भी मौजूद रहेंगे। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं संग मिशन-2024 पर भी चर्चा होगी।
विज्ञापन
अमित शाह
- फोटो : Twitter@bjp4india
विस्तार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को हरियाणा के करनाल में मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी में पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित करेंगे। इसके बाद वे भाजपा पदाधिकारियों संग बैठक कर मिशन-2024 पर चरचा करेंगे। इसके अलावा वे हरियाणा सहकारिता एक्सपोर्ट हाउस (एग्रो मॉल) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा एक्सपोर्ट हाउस सहित विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित भाजपा के अन्य नेता मौजूद रहेंगे। सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
विज्ञापन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को करनाल की मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी में पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड प्रदान करने के बाद गाला डिवेंचर बैंक्वेट हाल में भाजपा पदाधिकारियों संग बैठक करेंगे। यहां पर लोकसभा क्षेत्र में करनाल जिले के 265 सहित कुल 435 शक्ति केंद्र अध्यक्षों और इससे ऊपर की इकाइयों को बुलाया गया है।
विज्ञापन
इसमें पूरे लोकसभा क्षेत्र के करीब 1400 कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। पार्टी का फोकस, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर है। इसके तहत 2024 की सफलता के लिए कैसे कार्य करना है, इसकी रणनीति अमित शाह कार्यकर्ताओं को समझाएंगे, साथ ही उनमें जोश भी भरेंगे।
विज्ञापन
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के साथ दो सरकारी कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। एक सुबह मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी में तो दूसरा हैफेड एग्रोमाल में हरियाणा एक्सपोर्ट हाउस के उद्घाटन का है। यहां वह कुछ अन्य परियोजनाओं का भी शुभारंभ कर सकते हैं। इस दौरान वे सहकारिता विभाग से जुड़े लोगों से भी बातचीत करेंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कभी स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के लिए आंदोलन किया था, आज भाजपा सरकार ने सिफारिशों को लागू कर दिया है। रही बात महंगाई की तो आज दुनिया में भारत की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देश की हालत खराब है, लेकिन भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2024 में केंद्र के साथ साथ हरियाणा में भी भारी बहुमत से भाजपा सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपनी अंदरूनी कलह दूर करनी चाहिए।
इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, विधायक हरविंद्र कल्याण, विधायक रामकुमार कश्यप, भाजपा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला व अमरनाथ सौदा, सुभाष चंद्र, जगमोहन आनंद, पूर्व विधायक बख्शीश सिंह विर्क व भगवानदास कबीरपंथी, सोहन सिंह राणा, ईलम सिंह, राजबीर शर्मा, सुनील गोयल, राजेश अग्घी, डॉ.अशोक कुमार आदि शामिल रहे।
इन परियोजनाओं का भी करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन
हरियाणा एक्सपोर्ट हाउस के उद्घाटन के साथ केंद्रीय गृह मंत्री सांझी डेयरी का उद्घाटन, एथेनॉल संयंत्र चीनी मिल पानीपत का शिलान्यास, दुग्ध संयंत्र रेवाड़ी का शिलान्यास, इंटरनेट रेडियो-सहकारिता वाणी एप की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर सहकारिता समितियों के लिए एनसीडीसी हरियाणा की ओर से 10 हजार करोड़ का स्वीकृति पत्र भेंट किया जाएगा।
यह है गृहमंत्री अमित शाह का शेड्यूल
करनाल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 14 फरवरी को सुबह 11 बजे पुलिस अकादमी मधुबन के वच्छेर स्टेडियम पहुंचेंगे। वह यहां हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड प्रदान करेंगे। इसके बाद वह दोपहर बाद 1:30 बजे जीटी रोड पर मधुबन के नजदीक गाला रेस्तरां डिवेंचर में भाजपा के शक्ति केंद्र तक के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद 2:35 बजे हरियाणा सहकारिता एक्सपोर्ट हाउस (एग्रो मॉल) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और एक्सपोर्ट हाउस सहित विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। सहकारिता से जुडे़ लोगों को भी संबोधित करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने बताया कि इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज, सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सांसद संजय भाटिया, घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, डीजीपी पीके अग्रवाल, एसीएस (गृह एवं सहकारिता) टीवीएसएन प्रसाद, हैफेड चेयरमैन कैलाश भगत, एमडी ए. श्रीनिवास आदि मौजूद रहेंगे।