फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Haryana assembly election and sportspersons in the fray and previous result

Haryana: 2019 में हरियाणा में किन खिलाड़ियों ने लड़ा चुनाव, कौन जीता, किसे मिली हार और इस बार किस-किस की चर्चा?

Wed, 04 Sep 2024 07:42 AM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Wed, 04 Sep 2024 07:42 AM IST
विज्ञापन
सार
Haryana: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में तीन खिलाड़ियों ने अपनी सियासी किस्मत आजमाई थी। इनमें पहलवान बबीता फोगट और योगेश्वर दत्त और हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह थे। तीनों में से केवल संदीप को ही जीत मिली थी। इस बार भी कई खिलाड़ियों के चुनाव लड़ने की चर्चा है। 
loader
Haryana assembly election and sportspersons in the fray and previous result
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हरियाणा में इस वक्त चुनावी हलचल तेज हो गई हैं। यहां 5 अक्तूबर को एक चरण में मतदान होगा। नतीजे जम्मू कश्मीर के साथ 8 अक्तूबर को आएंगे। चुनाव की तारीखों के एलान के बाद सभी दल चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। पार्टियां प्रत्याशी तय करने के लिए लगातार बैठकें कर रही हैं। आने वाले समय में भाजपा और कांग्रेस दोनों पहली सूची भी जारी कर सकती हैं। 


हरियाणा में पिछली बार की तरह इस बार भी कुछ खिलाड़ी चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। पहलवान योगेश्वर दत्त ने हाल ही में चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। आइये जानते हैं कि 2019 में कितने खिलाड़ियों ने चुनाव लड़ा था? कितने खिलाड़ियों को सफलता मिली थी? इस बार कितने ऐसे चेहरों को मौका मिल सकता है?

हरियाणा विधानसभा चुनाव
हरियाणा विधानसभा चुनाव - फोटो : AMAR UJALA
2019 में कितने खिलाड़ियों ने चुनाव लड़ा था?
पिछले हरियाणा विधानसभा चुनाव में तीन खिलाड़ियों ने अपनी सियासी किस्मत आजमाई थी। इनमें पहलवान बबीता फोगट और योगेश्वर दत्त और हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह थे। तीनों में से केवल संदीप को ही जीत मिली थी। वहीं बबीता और योगेश्वर हरियाणा चुनाव 2019 में हार गए थे। तीनों खिलाड़ी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे। तीनों ही 21 अक्तूबर को हुए चुनाव से कुछ सप्ताह पहले सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हुए थे।

योगेश्वर दत्त: ओलंपिक पदक विजेता और पद्मश्री योगेश्वर दत्त ने सोनीपत जिले की बरोदा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले योगेश्वर को कांग्रेस श्रीकृष्ण हुड्डा के सामने हार का सामना करना पड़ा था। योगेश्वर यह चुनाव 4,840 मतों के अंतर से हार गए थे।

बबीता फोगाट: राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक विजेता बबीता ने चरखी दादरी जिले की दादरी विधानसभा सीट से उम्मीदवारी पेश की थी। यहां निर्दलीय उम्मीदवार सोमवीर सांगवान ने बबीता को 14,272 मतों के अंतर से हराया था।

संदीप सिंह: पिछली बार चुनाव लड़ने वाले तीन खिलाड़ियों में से केवल संदीप सिंह को ही जीत मिली थी। वह कुरुक्षेत्र जिले की पिहोवा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। संदीप सिंह ने कांग्रेस के मंदीप सिंह चिट्ठा को 5,314 मतों से हराया था। चुनाव में जीत के बाद उन्हें मनोहर लाल वाली सरकार में खेल मंत्री बनाया गया। बाद में संदीप विवादों में फंस गए जब हरियाणा के एक जूनियर एथलेटिक्स कोच ने करीब दो साल पहले पूर्व मंत्री के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उन्होंने खेल मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। चंडीगढ़ की एक अदालत ने इसी जुलाई के अंत में संदीप सिंह के खिलाफ जूनियर महिला कोच द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले में आरोप भी तय किए। 

रणबीर सिंह महेंद्रा: इन तीनों खिलाड़ियों के अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष रणबीर सिंह महेंद्रा ने भी सियासी भाग्य आजमाया था। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चरखी दादरी जिले की बाढड़ा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, रणबीर सिंह महेंद्रा को जननायक जनता पार्टी की उम्मीदवार नैना चौटाला के हाथों 13,704 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

हरियाणा चुनाव शेड्यूल
हरियाणा चुनाव शेड्यूल - फोटो : अमर उजाला
इस बार खिलाड़ियों के बारे में क्या-क्या चर्चा?
विनेश फोगाट:
पेरिस ओलंपिक में पदक से चूकीं पहलवान विनेश फोगाट के राजनीति में उतरने की चर्चा जोरों पर है। पिछले दिनों विनेश ने हरियाणा के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और उनके परिवार के साथ मुलाकात की। इससे राजनीतिक गलियारों में ऐसी अटकलें तेज हो गईं कि कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर चुकीं विनेश जल्द ही कांग्रेस के साथ राजनीतिक पारी शुरू कर सकती हैं।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विनेश को उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्हें राज्यसभा में मनोनीत किया जाना चाहिए था। अगर हमारे पास संख्याबल होता तो राज्यसभा चुनाव के लिए उन्हें मौके दे देते। हालांकि, इस बारे में फिलहाल विनेश या उनके परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। विनेश फोगाट बाढड़ा हलके की रहने वाली हैं। 

योगेश्वर दत्त: पहले 2019 और फिर उपचुनाव में उतरे ओलंपियन योगेशवर दत्त ने एक बार फिर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। यह विषय उन्होंने मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष भी उठाया है। 30 अगस्त को पत्रकारों से बात करते हुए ओलंपियन ने कहा, 'मैंने मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। मैं एक खिलाड़ी हूं और ओलंपिक पदक विजेता हूं। मैंने पहले भी भाजपा से चुनाव लड़ा है, इसलिए मुझे मौका मिलना चाहिए।'

बबीता फोगाट: दंगल गर्ल बबीता फोगाट भी एक बार फिर भाजपा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। दादरी में उन्होंने जनसंपर्क भी शुरू कर दिया है। पहलवालों के मुद्दे पर वह खुलकर भाजपा का समर्थन करती रही हैं। 

बिजेंद्र सिंह: पूर्व बॉक्सर बिजेंद्र सिंह अब भाजपा के हो चुके हैं। 2019 में उन्होंने दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था। बॉक्सर 2019 में ही कांग्रेस में ही शामिल हुए थे। 2024 लोकसभा चुनावों से पहले उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। अब चर्चा है कि भाजपा बिजेंद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतार सकती है।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed