चरखी दादरी। रक्तदान एक ऐसी पहल है, जिससे हम लोगों को नया जीवन दे सकते हैं। इसी पहल को सार्थक करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन और बाबा स्वामी दयाल सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान महादान शिविर लगाया गया। शिविर में रक्तदान के प्रति युवाओं में खासा उत्साह दिखा। शिविर में 30 लोगों ने रक्तदान कर किसी की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दिया।
रविवार को एमसी कॉलोनी स्थित श्रीकृष्णा ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया गया। जिसमें डॉ. सुनीता कासनी, राजवंती काजला, रचना चुटानी, लता गौतम, अनिता करोडा, मनोहरलाल पंजाबी, रूपांस शर्मा, विक्रम, अध्यापक दिनेश श्योराण, बब्बल फौगाट आदि ने स्वयं रक्तदान करके एवं रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। रक्तदान के लिए काफी युवा पहुंचे मगर ब्लड बैंक की टीम ने 30 यूनिट रक्त लिया और बाकी का नाम दर्ज किया। ताकि जरूरत पड़ने पर संपर्क किया जा सके। जिले में डेंगू के प्रकोप को देखते हुए रक्त की कमी है और यह रक्तदान शिविर मरीजों को काफी राहत देगा। समाज सेवी रिंपी फौगाट व शिविर में पहुंचे अतिथियों ने कहा कि युवाओं में रक्तदान के प्रति काफी जागरूकता आ चुकी है। पहले की अपेक्षा अब युवा रक्तदान करने के लिए आगे आ रहे है। उन्होंने कहा कि रक्त दान करने से किसी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती बल्कि उनके शरीर में रक्त देने से नया रक्त बनता है और शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा किया गया रक्तदान कई जिंदगियों को बचाता है। इस बात का अहसास हमें तब होता है जब हमारा कोई अपना खून के लिए जिंदगी और मौत के बीच जूझता है। उस वक्त हम नींद से जागते हैं और उसे बचाने के लिए खून के इंतजाम की जद्दोजहद करते हैं। आज हम सभी शिक्षित व सभ्य समाज के नागरिक है, जो केवल अपनी नहीं बल्कि दूसरों की भलाई के लिए भी सोचते हैं तो क्यों नहीं हम रक्तदान के पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें और लोगों को जीवनदान देकर धर्म कमाए। रिंपी फौगाट ने बताया कि रक्तदान शिविरों में युवाओं व आमजन का विशेष सहयोग रहता है।