फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ambala News ›   Vij and nirmal argument intense

विज और निर्मल में ठनी, फंस गए दुकानदार

Tue, 19 Jan 2016 12:58 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अंबाला
ब्यूरो/अमर उजाला अंबाला Updated Tue, 19 Jan 2016 12:58 AM IST
विज्ञापन
Vij and nirmal argument intense
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश सचिव निर्मल सिंह समेत कपड़ा-हनुमान मार्केट के दुकानदारों पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई कर रहे म्यूनिसिपल कारपोरेशन अंबाला (एमसीए) की कार्रवाई का विरोध करने के आरोप में केस दर्ज करवाने के मामले में तूल पकड़ लिया है। ये मामला जहां अब मंत्री और पूर्व मंत्री के बीच आपसी राजनीतिक रंजिश तक पहुंच गया है, वहीं दोनों दिग्गजों की इस रंजिश में दुकानदार फंस गए हैं। दोनों ही दिग्गज नेताओं में अब इसी मुद्दे को लेकर ठन गई है। उधर, पुलिस द्वारा दर्ज किए गए इस आपराधिक मामले में पुलिस भी मुख्य आरोपी पूर्व मंत्री निर्मल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर तो कोई प्रयास नहीं कर रही, बल्कि दुकानदारों पर जरूर दबिश डाल रही है। अंबाला कैंट पुलिस ने इस मामले में सोमवार शाम को चार दुकानदारों को हिरासत में ले लिया। वहां मौजूद अन्य दुकानदारों की माने तो पुलिस की जिप्सी कपड़ा-हनुमान मार्केट में पहुंची और वहां दुकान पर काम कर रहे चार दुकानदारों को पुलिस ने जिप्सी में जबरदस्ती बैठने को कहा और उन्हें थाने ले गई। इसे लेकर दुकानदारों में खासा रोष है। दूसरी ओर, सारा दिन इसी तनाव के मद्देनजर कपड़ा-हनुमान मार्केट के दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद रखी।
विज्ञापन

 इस बात को लेकर हुआ विवाद
 दरअसल, तीन दिन पहले हाईकोर्ट के आदेश पर एमसीए की टीम कपड़ा-हनुमान मार्केट में सड़कों व नालों पर बने पक्के अवैध कब्जों को तोड़ने के लिए लाव लश्कर के साथ पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही पूर्व मंत्री निर्मल सिंह वहां पहुंच गए और उनके नेतृत्व में दुकानदार लामबंद होकर मार्केट में हड़ताल कर वहीं चौक पर धरने पर बैठ गए। जिसके चलते एमसीए कब्जे हटवाने की कार्रवाई नहीं कर पाया। शाम को अफसरों के समझाने पर पूर्व मंत्री व दुकानदार हट गए, जिसके बाद एमसीए ने अवैध कब्जों की पैमाइश शुरू की, लेकिन इस घटना के एक दिन बाद एमसीए के बिल्डिंग इंस्पेक्टर तेजिंद्र सिंह की शिकायत पर पूर्व मंत्री समेत आठ दुकानदारों व अन्यों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई का विरोध करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया। इसी को लेकर अब ये सारा वबाल मच गया है।
विज्ञापन

अब दिग्गज आमने-सामने
जेल पड़ेगी कम, हजारों देंगे गिरफ्तारियां: पूर्व मंत्री
पूर्व मंत्री व कांग्रेस के प्रदेश सचिव निर्मल सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान चेतावनी देते हुए कहा कि उन्होंने न तो कोर्ट के आदेशों की अवहेलना की है और न ही सरकारी काम में बाधा डाली है। उनके अनुसार उन्होंने एमसीए कमिश्नर से बात की थी कि वे अवैध कब्जों पर पीला पंजा चलाने की बजाए पहले कब्जों की पैमाइश कर लें, उसके बाद दुकानदारों को खुद ही कब्जे हटवाने का वक्त दें। पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि घटना निपट गई। न तो एमसीए अफसर कोई एक्शन लेना चाहते थे और न ही प्रदेश के सीएम चाहते थे कि उन पर और दुकानदारों पर केस दर्ज हो, लेकिन उनके राजनीतिक प्रतिद्वंदी मंत्री अनिल विज ऊपर से दबाव बनाकर उनके खिलाफ और दुकानदारों के खिलाफ 24 घंटे बाद केस दर्ज करवा दिया। पूर्व मंत्री ने कहा कि डीसीपी रंजिशन दर्ज किए गए इस केस को खारिज करें, वरना मंत्री विज तैयार रहें, यहां हजारों लोग गिरफ्तारियां देंगे और जेल कम पड़ जाएगी। इस दौरान पूर्व मंत्री के साथ नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन हरीश सासन, पूर्व पार्षद उमेश बिट्टू, नरेंद्र बंगाली, गगन डांग, ओंकार नाथी, सीनियर डिप्टी मेयर दुर्गा सिंह अत्री, डिप्टी मेयर दुर्गा सिंह अत्री, पार्षद जरनैल माजरा, पार्षद बिट्टू चावला, पार्षद चित्रा सरवारा, अतुल महाजन समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

निर्मल की बुद्धि हुई भ्रष्ट, नई जेलें बनवा दूंगा: विज
सेहत मंत्री अनिल विज ने  इस मसले पर पूर्व मंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। मंत्री अनिल विज ने कहा कि पूर्व मंत्री निर्मल सिंह की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, इसलिए वे कुछ भी अनाप-शनाप बोलते जा रहे हैं। विज ने कहा कि पहली बात तो ये मामला मैंने दर्ज नहीं करवाया है, ये मामला हरियाणा सरकार ने दर्ज करवाया है, लेकिन यदि पूर्व निर्मल सिंह ये कहते हैं कि उन पर मुकदमा मेरे दबाव में दर्ज हुआ है, तो मैं उनके आरोप को खारिज करता हूं और उन पर अब मानहानि का केस भी करूंगा। मंत्री विज ने कहा कि मैं पहले भी कह चुका हूं कि ये मामला हाईकोर्ट में हैं, इसलिए मुझे इससे क्या लेना। एमसीए की टीम मौके पर गई, वहां पूर्व मंत्री और दुकानदारों ने काम में बाधा डाली होगी, जिसके बाद अफसरों ने समीक्षा करके हरियाणा सरकार के आदेश पर पूर्व मंत्री और दुकानदारों पर केस दर्ज करवाया है, इसमें मैं क्या कर सकता हूं। विज ने कहा कि पूर्व मंत्री इस मसले को अब राजनीति रंग देना चाह रहे हैं, तो मेरी बात भी सुन लें, वे अपनी गिरफ्तारी देने जितनी मर्जी फौज ले आएं, सरकार की जेलें कम नहीं पड़ेगी, जेल कम पड़ गई, तो हम और जेलें बनवाकर सभी गिरफ्तारियां ले लेंगे।
मेयर, पार्षद भी पूर्व मंत्री के समर्थन में उतरे
उधर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर के साथ-साथ मेयर रमेश लाल मल और सिटी के पार्षद दर्शना मेहता, रूपम गुगलानी, पवन अग्रवाल डिंपी, पार्षद दलजीत सिंह भाटिया, युवा नेता राजेश मेहता, राजन गुगलानी, विनोद धीमान समेत अन्य भी पूर्व मंत्री निर्मल सिंह के समर्थन में उतर गए हैं। उन्होंने इसी मसले पर डीसी को ज्ञापन सौंपकर पूर्व मंत्री के खिलाफ केस दर्ज को खारिज करवाने की मांग की। उन्होंने सीएम के नाम डीसी को इसी बाबत ज्ञापन भी सौंपा। इनेलो के पूर्व विधायक राजबीर सिंह बराड़ा समेत अन्य इनेलो नेता डीसीपी कार्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने डीसीपी को ज्ञापन देकर मामला रद्द करने की मांग की।

---
 अभी मामले में कार्रवाई चल रही है। पुलिस अपना काम कर रही है और औरों से भी अपील है कि इस मामले में पुलिस को अपना काम करने दिया जाए, जिसे भी गिरफ्तार किया जाएगा, तो बता दिया जाएगा।
-जसपाल सिंह ढिल्लो, थाना प्रभारी, कैंट थाना-
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed