मंत्री के हलके में तीनों थानों के मुलाजिम बदले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबाला पुलिस ने पहली बार किसी थानों में मुलाजिमों के फेरबदल में एक बड़ा कदम उठाया है। अंबाला पुलिस ने मंत्री अनिल विज के हलके अंबाला कैंट के तीनों थानों व पांचों चौकियों के 296 मुलाजिमों को ही बदल दिया है। इन थानों व चौकियों में हवलदार से लेकर सब इंस्पेक्टर तक सभी मुलाजिम बदल दिए गए हैं। इन थानों व चौकियों में केवल प्रभारी तो पुराने ही रहेंगे, लेकिन उनके नीचे का सारा स्टाफ, हवलदार, मुख्य हवलदार, ईएएसआई, एएसआई व सब इंस्पेक्टर स्तर के तमाम 296 मुलाजिमों को बदल दिया गया है। हालांकि अंबाला पुलिस के डीसीपी सुरेंद्र पाल सिंह इस बदलाव को अंबाला पुलिस की एक विशेष पहल से जोड़कर बता रहे हैं। लेकिन सरकारी सूत्रों की यदि मानें तो इस बड़े बदलाव में हरियाणा के सेहतमंत्री अनिल विज का भी हस्तक्षेप है।
सूत्रों के अनुसार मंत्री कैंट के तीनों थानों व चौकियों में पुलिस जवानों की कार्यप्रणाली व असामाजिक तत्वों से सैटिंग से काफी खिन्न थे। वे इस बारे में डीसीपी व एसीपी रैंक के अफसरों को भी कई बार सख्ती से कह चुके थे कि उनके हलके में उन्हें अवैध शराब और सट्टेबाजी के धंधे पर पूरी तरह विराम चाहिए। लेकिन उसके बावजूद हलके में न तो अवैध शराब और न ही अवैध सट्टेबाजी व हुड़दंग की वारदातों में कमी आ रही थी।
डीजीपी को भेजी थी शिकायत मंत्री विज ने अधिकतर पुलिस जवानों की इसी कार्यप्रणाली की रिपोर्ट डीजीपी को भी पिछले दिनों भेजी थी। उन्होंने कैंट थाने में निरीक्षण कर वहां पुलिस जवानों की कार्यप्रणाली को देखकर अफसरों व एसएचओ समेत सभी जवानों को फटकार लगाई थी और अगले ही दिन अपनी रिपोर्ट डीजीपी को भेज दी है। अब इस घटना के बाद अचानक कैंट के तीनों थाने के सभी मुलाजिमों को बदल दिया जाना इसी बात की ओर इशारा कर रहा है कि ये भारी बदलाव कहीं न कहीं सियासी दावपेंच का भी नतीजा है।
सुधार के उठाया कदम : डीसीपी डीसीपी सुरेंद्र पाल सिंह कहते हैं कि ऐसी कोई बात नहीं है। ये पुलिस महकमे में बेहतर सुधार की दिशा में बढ़िया कदम है। थानों में नए व अधिकतर फ्रेश मुलाजिम आएंगे, इलाका उनके लिए नया होगा। लोग नए होंगे। ठीक से अपना काम करेंगे, इसलिए ऐसा किया गया है। आज कैंट के थानों के जवान बदले हैं, धीरे-धीरे जिले के भी बदल देंगे। ये पुलिस प्रशासन का रूटीन वर्क है, हां ये जरूर है कि तीनों थाने के सभी मुलाजिम बदल दिए जाने की बात को नया जरूर कहा जा सकता है। पुलिस पूरे जिले में अवैध धंधों व आपराधिक वारदातों को कतई बरदाश्त नहीं करेगी। पुलिस अफसर और जवान पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपना काम कर रहे हैं और करते रहेंगे।