Ambala: रिटायर्ड कैप्टन ने दी थी हैंड ग्रेनेड की सूचना, साइबर सेल से ले रहे मदद
केहर सिंह से जब अमर उजाला ने बात की तो उन्होंने बताया कि उन्हें 17 मई को गांव के कुछ युवाओं ने खेतों में एक संदिग्ध पाइप के होने की जानकारी दी थी। वह खुद सेना से ऑनररी कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हैं।
विस्तार
शहजादपुर (अंबाला)। शहजादपुर अंबाला मार्ग पर गांव सौंतली के समीप मिले हैंड ग्रेनेडों के लिए पुलिस की जांच तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस तीन तरीके से जांच कर रही है। पुलिस तस्करी के रास्ते, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धता और मोबाइल को खंगाल रही है। शहजादपुर इलाका पंजाब बार्डर के पास है। ऐसे में प्रबल संभावना बनती है कि आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने वाले तस्करों का ट्रांजिट रूट अंबाला से ही होकर गुजरता है।
एक संदिग्ध पाइप के होने की जानकारी दी
यही कारण है कि पुलिस ने एक सप्ताह का सीसीटीवी फुटेज जब्त की है। इनको खंगाला जा रहा है। इस मामले में अभी तक पुलिस को गुप्त सूचना देने वाले सरपंच केहर सिंह को नाम सामने आ रहा था। बता दें कि केहर सिंह से जब अमर उजाला ने बात की तो उन्होंने बताया कि उन्हें 17 मई को गांव के कुछ युवाओं ने खेतों में एक संदिग्ध पाइप के होने की जानकारी दी थी।
डीएसपी अर्शदीप के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ाई जा रही
वह खुद सेना से ऑनररी कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हैं। इस कारण से उन्हें भी यह पाइपनुमा वस्तु संदिग्ध लगी। इसीलिए उन्होंने देरी न करते हुए पुलिस को यह सूचना दी। अब इस मामले में जिस एक्ट में यह केस दर्ज किया गया है उसमें एक डीएसपी स्तर का ही अधिकारी जांच कर सकता है। इसलिए डीएसपी अर्शदीप के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
साइबर सेल की ले रहे मदद
इस मामले में पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है। वह देख रहे हैं कि बीते कुछ समय में अंबाला से जम्मू कश्मीर, पंजाब या अन्य राज्याें में किस टावर के तहत बात की है। मोबाइल डंप उठाया गया है। इसे भी बारीकी से देखा जा रहा है।
ग्रेनेडों की तस्करी पर गहरा रहा शक
1. जिस पाइप के टुकड़े में हैंड ग्रेनेड मिले हैं, उसे ऐसे पैक किया है कि वे रास्ते में कहीं हिल नहीं सकते थे। इसमें फोम भरी थी, दोनों तरफ से पाइप को एक विशेष कैप से बंद किया था।
2. हैंड ग्रेनेडों पर भी मजबूत टेप से बांधा था, जिससे कि उसका पिन खुले न, क्योंकि पिन निकलने पर धमाका भी हो सकता है। यह प्रबंधन इसलिए थे कि ग्रेनेड सुरक्षित अपने स्थान तक पहुंचे।
3. इन ग्रेनेडों को जिस पाइप में रखा वह भारत में निर्मित है। ऐसे में यह प्रतीत होता है कि सीमा पार से इन्हें भेजा गया फिर भारत में पाइप में इसे बंद आगे डिलीवर करना था।
4. पाइप के टुकड़े के अंदर जिन चार प्लास्टिक के कैपनुमा चीज के अंदर उक्त हैंड ग्रेनेड थे, उन पर मुदस्सर वीआईपी पाइप अंकित था। मुदस्सर नाम से ही कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं न कहीं उक्त हैंड ग्रेनेड का पाकिस्तान के साथ लिंक हो सकता है।
5. पाकिस्तान की सीमा पंजाब से लगी है और पंजाब की सीमा शहजादपुर से। उस दिन पंजाब में भी एनआईए की रेड थी। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं पंजाब से अंबाला में लाकर यह ग्रेनेड तस्करों ने छिपाए न हों।