{"_id":"f65636d7b4ff32b898a751626defb01c","slug":"seals-move-to-kick-punches-contact-kranti-express-uproar-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जवानों में चले लात-घूंसे, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हंगामा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
जवानों में चले लात-घूंसे, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हंगामा
ब्यूरो/अमर उजाला,अंबाला
Updated Sat, 17 Oct 2015 12:38 AM IST
विज्ञापन
रेन में टिकट चेकिंग को लेकर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स और आर्मी के जवानों में जबरदस्त हाथापाई हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले, लेकिन इस हमले में आरपीएफ के दो जवान बुरी तरह से जख्मी हो गए। दोनों को कैंट के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां वे उपचाराधीन है।
विज्ञापन
इस घटना के दौरान ट्रेन में जमकर बवाल हुआ, जिसे लेकर यात्रा कर रहे यात्री भी दहशत में आ गए। शुक्रवार देर शाम मारपीट करने वाले वाले आर्मी के सात जवानों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इनमें से एक जवान को तो काबू कर लिया गया है, जबकि अन्य जवान फरार है।
विज्ञापन
टिकट मांगने पर भड़क गए आर्मी के जवान
जानकारी देते हुए आरपीएफ के घायल हेड कांस्टेबल मोहम्मद फारूख और घायल सिपाही सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे लोग ऊधमपुर से इस ट्रेन में दिल्ली तक गश्त के लिए ड्यूटी कर रहे थे। तभी उनके पास एक ऑन ड्यूटी टीटीई आया और उनसे कहने लगा कि एक बोगी में कई आर्मी के जवान हैं, जिनमें से कई के पास न तो अधिकृत पास हैं और न ही कोई टिकट है।
विज्ञापन
घायलों ने बताया कि टीटीई की सूचना मिलने पर वे दोनों उस बोगी की ओर चल दिए, जहां आर्मी के जवान बैठकर यात्रा कर रहे थे। उनके अनुसार जैसे ही उन्होंने आर्मी के जवानों से टिकट दिखाने को कहा, तो वे आनाकानी करने लगे। इस पर आरपीएफ के जवानों ने आर्मी के जवानों से कहा कि यदि उनके पास टिकट नहीं है, तो वे अपनी टीटीई से पर्ची कटवाकर ट्रेन में ही टिकट बनवा लें।
बस, इसी बात को लेकर आरपीएफ के जवानों और सेना के जवानों में बहस हो गई। लेकिन उस वक्त जैसे-तैसे कर मामला निपटा दिया गया और टीटीई दोनों आरपीएफ जवानों को लेकर आगे चला गया। घायलों ने बताया कि उसके बाद वे दोनों ट्रेन में फिर से गश्त करने लगे, लेकिन तभी करीबन छह-सात जवानों ने उन्हें एक बोगी के टॉयलट के पास घेर लिया और उन पर लात और घूसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले से वे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए।
सेना के जवान आरपीएफ जवानों को पीटने के बाद फरार हो गए। उधर, घायलों ने तुरंत फिरोजपुर मंडल के आरपीएफ कंट्रोल रूम में फोन कर अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी दी। उसके बाद फिरोजपुर मंडल से तुरंत ये मैसेज अंबाला मंडल भेज दिया गया। जैसे ही ये ट्रेन अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर रुकी, तो आरपीएफ व जीआरपी के जवानों ने संपर्क क्रांति ट्रेन की बोगी घेर ली।
उन्होंने पहले अपने दो घायल साथियों को संभाला और फिर सेना के आरोपी जवानों की तलाश शुरू की। इसी दौरान एक ही सेना का जवान हिरासत में लिया गया। पकड़ा गया जवान आर्मी का लांस नायक है। जबकि बाकी आरोपी सेना के जवान फरार हो गए। उधर, घायलों को तुरंत कैंट सिविल अस्पताल भर्ती करवाया गया। जहां वे उपचाराधीन हैं।
आरपीएफ जवान की शिकायत पर सेना के सात जवानों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अभी सिर्फ एक ही जवान हिरासत में लिया गया, बाकी जवानों को भी जल्द काबू किया जाएगा।
- बृजपाल, एसएचओ, जीआरपी