अंबाला। दिल्ली-अमृतसर हाईवे स्थित कालीपलटन पुल के निकट परचून के सामान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। वीरवार सुबह के समय ट्रक चालक दिल्ली से पंजाब की ओर जा रहा था। जैसे ही हाइवे पर जाम लगने के कारण वह सर्विस लाइन की तरफ से मुड़कर गलत दिशा की ओर जाने लगा तो अचानक से ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो गया और सीधा वह हाईवे किनारे लगी रेलिंग से टकरा गया।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई दूसरा वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जबकि हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। ट्रक चालक ने परचून का सामान दूसरे ट्रक की मदद से पंजाब पहुंचाया और क्रेन की मदद से ट्रक को हाईवे किनारे किया।