बारिश से सड़कें बनीं तालाब, धान भीगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार को हुई 60 एमएम बारिश ने जहां ट्विन सिटी को धो डाला, वहीं सड़कों पर घंटों तक पानी भरा रहा। मानसून से पहले जहां पानी निकासी पर काम नहीं हुआ, बाद में भी यही हालात हैं। जिले की सभी अनाज मंडियों में पानी निकासी नहीं होने से किसानों का सैकड़ों क्विंटल धान भीग गया और तेज बारिश में ही किसान धान इकट्ठा करने में जुटे रहे। खेतों में भी अधपकी साठी धान बारिश और तेज हवा से बिछ गई। दिनभर हुई बारिश के कारण गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन जलभराव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ी।
नहीं सुधरे हालात, सड़कों पर पानी झमाझम बारिश के कारण ट्विन सिटी की सड़कों पर जबरदस्त जलभराव देखने को मिला। सुबह से ही बारिश शुरु हुई, जो शाम तक रुक-रुक कर होती रही। ट्विन सिटी की सड़कों पर पानी भरा रहा, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ी रही। सिटी के जगाधरी गेट क्षेत्र, नाहन हाउस, पटेल रोड, माडल टाउन, पे्रम नगर, मानव चौक, कालका चौक, अग्रसेन चौक, बस स्टैंड क्षेत्र, कपड़ा मार्केट, आईटीआई, जंडली, माडल टाउन, गीता नगरी, बलदेव नगर, नसीरपुर, जबकि कैंट का बस स्टैंड क्षेत्र, पुराना बर्फ खाना, हरगोलाल रोड, टिंबर मार्केट, एसडी विद्या स्कूल बैकसाइड, रामकिशन कालोनी, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, दुर्गा नगर, रामनगर की सड़कों पर पानी भरा रहा।
यह कहा लोगों ने कैंट के रहने वालों में समीर चौधरी, पंकज गुप्ता, बलवंत नागपाल, महिंदर सिंह, मनोज वालिया, युवराज वालिया, जितेंद्र चौहान, सिटी के अमर सिंह, सिद्धार्थ कुमार, रविंदर सिंह, परमजीत सिंह, रजनीश का कहना है कि प्रशासन ने मानसून से पहले बरसाती पानी निकासी के लिए काम करना शुरू कर दिया था और मानसून लगभग निकल चुका है, लेकिन हर बार झमाझम बारिश में हालात बदतर होते गए। प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा जनता ने भुगता, जबकि इस सीजन में कई बार लोगों के घरों में पानी घुसा है। मानसून में राहत देने में तो प्रशासन पूरी तरह से फेल है।
सैकड़ों क्विंटल धान हुई गीली तेज हवा के साथ हुई भारी बरसात से जहां अनाज मंडियों में पड़ी किसानों की हजारों क्विंटल धान की फसल पानी में डूब गई वहीं खेतों में लगभग पकी अगेती फसल बिछ गई है। क्षेत्र के किसान नरमैल सिंह मंगौली, सुरेंद्र सैणी गांव सिंबला का कहना है कि वह शनिवार शाम करीब 4-4 एकड़ खेतों की धान की फसल बराड़ा की अनाज मंडी में लेकर आये थे। पूरी रात मौसम खराब रहा। साथ ही धान की सरकारी खरीद आरंभ न होने के कारण उनकी फसल खुले में ही पड़ी रही। सुबह की भारी बरसात में अनाज मंडी में भारी जलभराव हो गया और धान की ढेरियां पानी में डूब गई। इसके साथ साथ उनकी कई क्विंटल धान पानी के साथ नालों में बह गई। किसानों का आरोप था कि सरकार एवं प्रशासन द्वारा न तो बराड़ा की अनाज मंडी से जल निकासी की व्यवस्था की गई न ही यहां आने वाले अनाज को बचाने के कोई भी प्रयास किये गये। आढ़ती सोम प्रकाश सैनी का कहना है कि सरकारी खरीद जल्द से जल्द आरंभ हो जानी चाहिए।
फिर तेज बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 72 घंटों में आसमान में बादल छाये रहेंगे। इसके अलावा हरियाणा में 22 सितंबर को भारी बारिश की उम्मीद है। इसके साथ ही तापमान गिरने की भी संभावना हैं।
साठी को नुकसान पछेती को फायदा नारायणगढ़ में सुबह से हुई रुक-रुककर व तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं मंडी में बिकने के लिए आया धान भीग गया है। धान की पछेती व अन्य फसलों को फायदा होने की संभावना है। क्षेत्र में धान उत्पादकों ने ज्यादातर साठी (अगेती) धान की बुआई की थी जिसकी कटाई के बाद धान उत्पादक आलू की फसल की बुआई करते हैं। इस धान की पिछले लगभग एक सप्ताह से मंडियों में आवक शुरू हो गई है। मंडी में पानी की निकासी न होने के कारण पहले से ही नरम धान और ज्यादा नरम हो गया। सरकार द्वारा प्रदेश में धान की सरकारी खरीद अभी तक आरंभ नहीं की गई, जबकि अनाज मंडी में अब तक लगभग दस हजार क्विंटल से अधिक धान की आवक हो चुकी है। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान तेजा सिंह, सचिव जरनैल सिंह ने सरकारी खरीद शुरू करने की मांग की है।
आढ़तियों ने किया प्रदर्शन मुलाना की नई अनाज मंडी में बारिश से किसानों की धान की फसल पूरी तरह भीगने से गुस्साए आढ़तियों ने मार्केट कमेटी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आढ़तियों ने प्रशासन पर अनाज मंडी को सुविधाओं से वंचित रखने का आरोप लगाया है। प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दिनेश गोयल ने बताया कि जबसे नई अनाज मड़ी बनी है तब से ही यहां पर सुविधाओं की कमी है। थोड़ी सी बारिश आने पर ही मंडी में जगह-जगह पानी खड़ा हो जाता है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से मंडी में पड़ी किसानों की धान पूरी तरह से भीग गई। इस मौके पर प्रवीण कपूर, करण राणा, अशोक, डिंपी, नवीन मित्तल, श्याम लाल, राजेश कुमार ,सुभाष व अन्य आढ़ती मौजूद रहे।