जिले में भाई दूज का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छावनी बस अड्डे पर शनिवार सुबह से ही महिलाओं की काफी भीड़ देखने को मिली। बहनों को सुरक्षित उनके भाई के घरों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की तरफ से भी विशेष तैयारी की गई थी। इसके लिए यमुनानगर, नारायणगढ़, कालका, चंडीगढ़, पेहवा, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, लुधियाना व पटियाला के लिए 20 अतिरिक्त बसें चलाई गई। शनिवार को रोडवेज को 3.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं सवारियों की सुविधा के लिए बस अड्डे पर अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। सवारियों को बसों की जानकारी देने के लिए भी लगातार सूचना प्रणाली का सहारा लिया गया।
सवारियों की देखरेख व उन्हें बस में बैठाने के लिए लगभग 15 कर्मचारी बस अड्डे पर मौजूद रहे। अड्डे पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के साथ होमगार्ड के जवान भी तैनात रहे। वहीं बस स्टैंड के बाहर की स्थिति काफी खराब रही। यहां बस स्टैंड से बाहर निकलने वाली बसों का जमावड़ा लगा रहा। वहीं यात्रियों की संख्या अधिक होने व आवाजाही ज्यादा होने के कारण कई बार जाम जैसी स्थिति भी बनी। दोपहर बाद सभी व्यवस्थाएं पूर्व की तरह ठीक हो गई और बस अड्डे पर भी सवारियां नाम मात्र ही रह गई। अड्डा इंचार्ज अजीत सिंह ने बताया कि भाई दूज के पर्व पर सवारियों के लिए अतिरिक्त बसों का प्रबंध किया गया था। सभी सवारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। किसी भी सवारी को कोई परेशानी नहीं होने दी।