एक घंटे में 100 एमएम बारिश, हालात बिगड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार रात को हुई झमाझम बारिश से ट्विनसिटी में जगह-जगह काफी पानी भर गया। सड़कें जहां तालाब बन गईं, वहीं घरों व दुकानों में डेढ़ से ढाई फुट तक पानी घुस गया। बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई, जबकि लोग घरों से पानी निकालने में जुटे रहे। दूसरी ओर किसानों के लिए भी यह बारिश आफत बनकर आई। धान के लिए यह बारिश व तेज हवाएं नुकसान लेकर आई हैं, जबकि किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। खेतों में धान की फसल बिछ चुकी है, जिससे नुकसान की आशंका ज्यादा है। मंगलवार को एक घंटे में ही 100 एमएम बारिश हुई। यह इस सीजन की सबसे अधिक बारिश है।
मंगलवार शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और तेज हवा भी चलने लगी। देर सायं तक आसमान में बिजली चमकने लगी और कुछ देर के बाद झमाझम बारिश शुरु हो गई। बाजारों के जहां हालात बुरे दिखाई दिए, वहीं कालोनियों की सड़कों पर जबरदस्त जलभराव हो गया। ट्विन सिटी के नाले ओवरफ्लो हो गए। बाजारों में हालात और बुरे रहे, जबकि दुकानदार भी दुकानों में लौटकर पानी निकालने में लगे रहे।
इन क्षेत्रों मे भरा अधिक पानी
सिटी के जगाधरी गेट क्षेत्र, नाहन हाउस, पटेल रोड, माडल टाउन, पे्रम नगर, मानव चौक, कालका चौक, अग्रसेन चौक, बस स्टैंड क्षेत्र, कपड़ा मार्केट, आईटीआई, जंडली, माडल टाउन, गीता नगरी, बलदेव नगर, नसीरपुर, जबकि कैंट का बस स्टैंड क्षेत्र, पुराना बर्फ खाना, हरगोलाल रोड, टिंबर मार्केट, एसडी विद्या स्कूल बैकसाइड, रामकिशन कालोनी, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, दुर्गा नगर, बीडी फ्लोर मिल के पीछे की करीब 24 कालोनियां, रामनगर, राय मार्केट, निकलसन रोड, गांधी मार्केट, गोबिंद नगर, महेश नगर, प्रीत नगर, अमर नगर, एकता विहार, लाजवंती कालोनी, कस्तूरबा कालोनी, राजा पार्क, रानी बाग, जैन नगर, न्यू रामनगर, इंद्रपुरी, टैगोर नगर, टैगोर गार्डन, अग्रसेन नगर, पारस नगर, बैंक कालोनी, नन्हेड़ा, रंगिया मंडी, मोची मंडी, कच्चा बाजार, मच्छी मोहल्ला, पंजाबी मोहल्ला आदि में पर पानी भर गया। इन क्षेत्रों में स्थित दुकानों व घरों में पानी घुस गया, जिसके कारण हालत और बदतर बन गए। समाज सेवी रविंदर धवन, डा. अमिता मुखर्जी, वीरेंद्र वसंत ने बताया कि निगम की लापरवाही के कारण बारिश में यह हालात बने हैं, जबकि दुकानदारों व घरों में काफी नुकसान हुआ है। यदि प्रशासन समय रहते सुध ले लेता, तो यह हालात न बनते। इस मामले में पूरी तरह से प्रशासन जिम्मेदार है, जबकि सरकारी पैसा बर्बाद हो गया।
किसानों के लिए आफत बनी बारिश बरसात किसानों के लिए आफत लेकर आई। धान की अगेती व पछेती फसलों के लिए यह बारिश नुकसान करेगी। किसानों में कुलवंत सिंह उगाड़ा, अच्छर सिंह, जसविंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, जसवंत सिंह, हरजीत सिंह, किशन सिंह, सुरजीत सिंह, करनैल सिंह, चौधरी चरण सिंह ने बताया कि धान की अगेती फसल जहां कटाई पर है, वहीं कई किसानों ने अभी फसल काटनी है। बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण अगेती और पछेती फसल बिछ चुकी है। बारिश धान के लिए अब फायदेमंद नहीं है, जबकि यह किसानों को जबरदस्त नुकसान देगी। अगेती धान की कटाई शुरू हो चुकी है और मंडियों में भी धान पहुंचा दी है। रविवार की बारिश में जहां धान भीग गया थी, जबकि मंगलवार को फिर से उससे भी बदतर हालात बन गए। मंडियों में भी हालात बुरे रहे और धान भीग गया।
अस्पताल और पुलिस चौकियां बनीं तालाब अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल का परिसर भी तालाब बन गया। हालात यह रहे कि अस्पताल के वार्डों से बाहर निकलने का रास्ता भी डूब गया। मरीज व उनके तीमारदार भी वार्डों में ही बने रहे। इसी तरह ट्विन सिटी की चौकियों में भी पानी घुस गया, जिसके चलते कर्मचारियों की भी दिक्कतें बढ़ गईं। कैंट का पड़ाव थाना पूरी तरह से जलमग्न हो गया।
ट्विन सिटी में ब्लैकआउट बारिश के कारण ट्विन सिटी में ब्लैक आउट की स्थिति रही। बिजली विभाग ने पावर सप्लाई कट कर दी, जिसके कारण सड़कों व गलियों में अंधेरा छा गया। बारिश शुरू होने कुछ देर के बार धीरे-धीरे करते क्षेत्रों के अनुसार बिजली कट कर दी गई। कुछ दुकानदार अपनी दुकानों पर सामान समेटने के लिए आए, लेकिन अंधेरे के कारण हालात बुरे रहे। आठ बजे से गुल हुई बिजली समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो पाई।
मंत्री विज की कालोनी में भी भरा पानी अंबाला कैंट। झमाझम बारिश के बाद शास्त्री कालोनी में भी काफी पानी भर गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का घर इसी कालोनी में है। हालात यह रहे कि कालोनी की सड़कों पर करीब एक फुट तक पानी भर गया, जबकि लोगों के घरों तक में पानी घुस गया। लोग भी घरों में अपना सामान समेटते रहे, जबकि बारिश बंद होने का इंतजार करते रहे। कालोनी के यह हालात इस लिए बने हैं, क्योंकि यह काफी नीचे बसी है।
बारिश के कारण सात 6 एक्सप्रेस और एक शताब्दी ट्रेन रोकी मंगलवार देर सायं आई बारिश का असर रेलवे यातायात पर भी रहा। रेलवे ट्रैक पर बरसात का पानी आने के कारण तकरीबन सात गाड़ियों को रास्ते में ही रोक दिया गया। इनमें से पांच ट्रेन अंबाला-सहारनपुर मार्ग पर जबकि दो गाड़ियों को कुरुक्षेत्र मोहड़ी स्टेशन के पास एहतियात के चलते रोक दिया गया। इनमें 6 ट्रेन मेल हैं और एक शताब्दी है। सूचना के अनुसार इन दोनों ट्रैक पर बरसाती पानी आ गया। जिस कारण ये गाड़ियां दो घंटे से ज्यादा खड़ी रहीं।