Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details

रामायण: कौन हैं नमित मल्होत्रा? गैराज से शुरू हुआ सफर, 18 साल पहले हुए लगभग कंगाल; अब बनाई 4000 करोड़ की फिल्म

Sat, 31 Oct 2026 06:00 AM IST
राजश्री वर्मा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला Published by: राजश्री वर्मा Updated Sat, 31 Oct 2026 06:00 AM IST
सार

  • फिल्म रामायण को रिलीज होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं।
  • इस फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं।
  • ऐसे में आइए जानते हैं कि 4000 करोड़ की फिल्म बनाने वाले निर्माता आखिर है कौन

विज्ञापन
Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
कहानी रामायण और नमित मल्होत्रा की - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भारतीय सिनेमा में जब भी किसी बड़ी फिल्म की चर्चा होती है, तो अक्सर उसके सितारों, निर्देशक और बजट पर सबसे ज्यादा ध्यान जाता है। लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके पीछे पर्दे के आगे नजर आने वाले चेहरों से कहीं बड़ी कहानी छिपी होती है। निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' भी ऐसी ही एक परियोजना है। रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और सनी देओल जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को बनाने की जिम्मेदारी जिस शख्स ने उठाई है, उनका नाम है नमित मल्होत्रा।
विज्ञापन


नमित आज सिर्फ एक फिल्म निर्माता नहीं, बल्कि भारतीय मूल के उन कारोबारियों में शामिल हैं, जिन्होंने विजुअल इफेक्ट्स और फिल्म निर्माण की दुनिया में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। उनकी कंपनी ने हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों पर काम किया और उनके नेतृत्व में DNEG ने विजुअल इफेक्ट्स के लिए आठ ऑस्कर हासिल किए।
विज्ञापन


इनमें से सात अवॉर्ड पिछले 11 वर्षों में विजुअल इफेक्ट्स के लिए मिले हैं। कंपनी ने क्रिस्टोफर नोलन और डेनिस विलेन्यूवे जैसे हॉलीवुड के बड़े फिल्ममेकर्स के साथ भी काम किया है। लेकिन नमित की कहानी की दिलचस्प बात यह है कि उनका सफर किसी बड़े फिल्म स्टूडियो से नहीं, बल्कि मुंबई में पिता के गैराज में बने एक छोटे से एडिटिंग स्टूडियो से शुरू हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
नमित मल्होत्रा - फोटो : सोशल मीडिया
तीन पीढ़ियों की फिल्मी विरासत
नमित मल्होत्रा का जन्म 2 अप्रैल, 1976 को मुंबई में हुआ। वह ऐसे परिवार से आते हैं, जिसकी तीन पीढ़ियां फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं। उनके दादा एम.एन. मल्होत्रा भारतीय सिनेमा के जाने-माने सिनेमैटोग्राफर थे, जबकि उनके पिता नरेश मल्होत्रा फिल्म निर्माता।

नरेश मल्होत्रा ने अमिताभ बच्चन की फिल्म 'शहंशाह' का निर्माण किया था। इस तरह नमित के लिए फिल्मों की दुनिया कोई अनजान जगह नहीं थी। हालांकि, वह अपने परिवार की तरह पारंपरिक फिल्म निर्माण में सीधे कदम रखने के बजाय कुछ अलग करना चाहते थे।

नमित की शुरुआती दिलचस्पी फिल्म निर्देशक बनने में थी। वह फिल्मों को सिर्फ कहानी और कलाकारों के नजरिये से नहीं, बल्कि उनके पीछे इस्तेमाल होने वाली तकनीक के नजरिये से भी देखते थे। 1993 में आई हॉलीवुड फिल्म 'जुरासिक पार्क' ने उनके सोचने का तरीका बदल दिया।

एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि फिल्म देखने के बाद उनके मन में सवाल आया कि आखिर किसी ने इस तरह की दुनिया बनाने के बारे में सोचा कैसे होगा? यही वह अनुभव था, जिसने उन्हें कंप्यूटर ग्राफिक्स और विजुअल इफेक्ट्स की दुनिया की ओर आकर्षित किया।

फिल्मों के प्रति जुनून तो था, लेकिन उस दौर में भारत में आधुनिक डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बहुत सीमित था। नमित ने इसी कमी को अवसर के रूप में देखा। उन्होंने कंप्यूटर ग्राफिक्स की ट्रेनिंग ली और फिर अपने तीन शिक्षकों मेरजिन तवरिया, हुजेफा लोखंडवाला और प्रकाश कुरुप को अपने साथ काम करने के लिए तैयार किया। खास बात यह थी कि जिन लोगों से वह तकनीक सीख रहे थे, उन्हीं को अपना बिजनेस पार्टनर बना लिया।

Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
नमित मल्होत्रा और यश - फोटो : अमर उजाला
पिता के गैराज से शुरू हुई कंपनी
साल 1995 के आसपास नमित ने अपने पिता के गैराज में एक छोटा-सा एडिटिंग सेटअप शुरू किया। इसका नाम रखा गया 'वीडियो वर्कशॉप'। उस वक्त उनके पास न कोई बड़ा स्टूडियो था और न ही बड़ी फिल्में बनाने का बजट। उनके पास एक कंप्यूटर, कुछ तकनीकी उपकरण और कुछ नया करने का जुनून था।

शुरुआत में वीडियो वर्कशॉप ने टीवी कार्यक्रमों, विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो के लिए एडिटिंग और ग्राफिक्स का काम किया। 'बूगी वूगी' और 'गाथा' जैसे टीवी कार्यक्रमों से भी इस स्टूडियो का नाम जुड़ा। उस समय भारतीय टेलीविजन तेजी से बदल रहा था। सैटेलाइट चैनलों का विस्तार हो रहा था और कार्यक्रमों में नए तरह के ग्राफिक्स, आकर्षक टाइटल और बेहतर एडिटिंग की मांग बढ़ रही थी। नमित ने इस बदलाव को समय रहते पहचान लिया।

साल 1997 में उन्होंने अपने पिता के कारोबार वीडियो वर्क्स के साथ वीडियो वर्कशॉप को मिलाकर प्राइम फोकस की स्थापना की। यह फैसला उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। प्राइम फोकस ने धीरे-धीरे खुद को एक पोस्ट-प्रोडक्शन कंपनी के रूप में स्थापित किया। कंपनी ने एडिटिंग से आगे बढ़कर कलर करेक्शन, साउंड, विजुअल इफेक्ट्स और डिजिटल फिल्म सेवाओं में काम शुरू किया।

Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
यश और नमित मल्होत्रा - फोटो : इंस्टाग्राम
नमित की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वह सिर्फ तकनीक बेचने के बजाय फिल्म निर्माताओं की जरूरतों का समाधान पेश करना चाहते थे। उनके मुताबिक, भारत में उस समय फिल्म निर्माण की तकनीक पश्चिमी देशों की तुलना में पीछे थी। उन्होंने इसी अंतर को कम करने का लक्ष्य बनाया।

साल 1999 में उनकी टीम ने अमेरिका का दौरा किया और वहां से तकनीकी विशेषज्ञों को भारत लाकर काम करने की दिशा में कदम बढ़ाया। प्राइम फोकस ने डिजिटल इंटरमीडिएट जैसी तकनीकों को भारतीय फिल्म उद्योग में आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाई।

Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
रामायण फिल्म - फोटो : इंस्टाग्राम
छोटे स्टूडियो से अंतरराष्ट्रीय कंपनी बनने तक का सफर
प्राइम फोकस का विस्तार सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। साल 2006 में कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई। इसके बाद ब्रिटेन और अमेरिका में भी कारोबार बढ़ाया गया। साल 2007 में कंपनी ने अमेरिका की पोस्ट लॉजिक और फ्रैंटिक फिल्म्स का अधिग्रहण किया। यह कदम हॉलीवुड के बाजार में अपनी जगह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण था।

18 साल पहले हुए लगभग कंगाल
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचना इतना आसान नहीं था। साल 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी ने नमित के कारोबार को बड़ा झटका दिया। हाल ही में लॉस एंजिल्स में 'रामायण' से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान नमित ने अपने संघर्ष के इस दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि 2008 के वित्तीय संकट में उनकी करीब 90 प्रतिशत संपत्ति खत्म हो गई थी। अमेरिका में अपना कारोबार स्थापित करने की कोशिश के बीच आया यह संकट उनके लिए बेहद मुश्किल समय था।

हालांकि, नमित ने इस झटके को अपने सफर का अंत नहीं बनने दिया। उन्होंने कारोबार को फिर से खड़ा करने और भारत तथा पश्चिमी देशों के फिल्म निर्माताओं को एक साथ लाने की कोशिश जारी रखी। उनके इस अनुभव से यह समझ आता है कि उनकी कहानी सिर्फ तेजी से मिली सफलता की नहीं, बल्कि बड़े नुकसान के बाद दोबारा खड़े होने की भी है।

Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
फिल्म रामायण - फोटो : इंस्टाग्राम @worldoframayana
DNEG के जरिए हॉलीवुड में बनाई पहचान
नमित के करियर का एक और बड़ा पड़ाव साल 2014 में आया, जब प्राइम फोकस की विजुअल इफेक्ट्स इकाई प्राइम फोकस वर्ल्ड ने ब्रिटेन की मशहूर वीएफएक्स कंपनी डबल नेगेटिव का अधिग्रहण किया। इसके बाद दोनों कंपनियों का एकीकरण हुआ और DNEG अस्तित्व में आई।

आज DNEG दुनिया की प्रमुख विजुअल इफेक्ट्स, एनिमेशन और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी कंपनियों में गिनी जाती है। इसने 'इनसेप्शन', 'इंटरस्टेलर', 'एक्स मशीना', 'ब्लेड रनर 2049', 'टेनट' और 'ड्यून' जैसी बड़ी फिल्मों के विजुअल इफेक्ट्स पर काम किया है। इन फिल्मों में इस्तेमाल की गई तकनीक और विजुअल्स ने दर्शकों को सिनेमाई अनुभव का नया स्तर दिया।

Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
रामायण के टीजर पर बोले नमित मल्होत्रा - फोटो : सोशल मीडिया
करियर के सबसे बड़े सपने को पूरा कर रहे हैं नमित
नमित मल्होत्रा के करियर का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट उनकी फिल्म 'रामायण' है। दिलचस्प बात यह है कि वह इसे केवल एक फिल्म के तौर पर नहीं देखते, बल्कि भारतीय संस्कृति और विरासत को दुनिया तक पहुंचाने के अवसर के रूप में पेश कर रहे हैं। नमित के मुताबिक, भारतीय महाकाव्य की कहानी सदियों से लोगों के जीवन का हिस्सा रही है और अब समय है कि इसे आधुनिक सिनेमाई तकनीक के साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया जाए।

इस फिल्म का निर्देशन 'दंगल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बना चुके नितेश तिवारी कर रहे हैं। वहीं नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की प्रोडक्शन कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर इसका निर्माण कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा है। इसके संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है। खास बात यह है कि दोनों दिग्गज पहली बार एक साथ किसी प्रोजेक्ट के लिए काम कर रहे हैं।

Who Is Namit Malhotra Ranbir kapoor starring Ramayana Producer Early Life Net Worth Movies and Family details
रामायण - फोटो : सोशल मीडिया
कब रिलीज होगी फिल्म 'रामायण'
फिल्म को आईमैक्स के लिए तैयार किया जा रहा है और इसके विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी DNEG और ReDefine जैसी कंपनियों के पास है। यानी जिस विजुअल टेक्नोलॉजी के दम पर नमित ने अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई, उसी अनुभव का इस्तेमाल अब वह भारतीय महाकाव्य को बड़े पर्दे पर जीवंत करने के लिए कर रहे हैं। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर, 2026 को रिलीज होने की तैयारी में है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Entertainment news in Hindi related to bollywood, television, hollywood, movie reviews, etc. Stay updated with us for all breaking news from Entertainment and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed