बिग बी की लॉकडाउन फिल्म का असर, इन अतरंगी कलाकारों ने शूट कर डाली पूरी एक वेब सीरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिनको भी ये लगता रहा है कि कोरोना के चलते एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पूरी तरह ठप पड़ी है, उनके लिए कुछ कलाकारों ने मिलकर एक नई चुनौती पेश कर दी है। जी हां, अपने अपने घरों में रहकर अगर अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, रजनीकांत जैसे सितारे एक शॉर्ट फिल्म बना सकते हैं तो उसी फिल्म से प्रेरणा लेकर कुछ चर्चित सितारों ने बना डाली है पूरी एक वेब सीरीज। नाम है भल्ला कॉलिंग भल्ला।
2010 में रिलीज हुई फरहान अख्तर की फिल्म कार्तिक कॉलिंग कार्तिक भले बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह फ्लॉप रही हो लेकिन 10 साल बाद भी इसके आइडिया को लेकर खूब मनोरंजन कार्यक्रम बन रहे हैं। रेडियो पर इसका स्पूफ चलता है जिसमें फरहान अख्तर और जावेद अख्तर की मिमिक्री करके कॉमेडी शो प्रसारित किया जाता है। अगला नंबर अब डिजिटल का है।
लॉकडाउन के दौरान अपने अपने घरों में रहते हुए बना ये शो दरअसल कहानी है गुरुग्राम में रहने वाले एक उच्च मध्यम वर्ग पंजाबी परिवार की। ये सब पहली नजर में सामान्य से ही नजर आते हैं, लेकिन यह एक अतरंगी परिवार है। हर कहानी करीब 8 मिनट की है और इसकी 12 कड़ियां अब तक बनकर तैयार हो चुकी हैं। लॉकडाउन ने परिवार को एक-दूसरे के साथ रहने की आवश्यकता का एहसास करवाया है और देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों की भावनाएं भी ये शो दिखाता है।
लॉकडाउन के कारण मिसेज भल्ला ने अपने कैलेंडर पर हर रोज पारिवारिक वीडियो कॉल का शेड्यूल बना रखा है। खाना पकाने, साफ-सफाई और रिश्तेदारों से चर्चा करने से लेकर परिवार को ऑनलाइन सत्संग कराने तक भल्ला परिवार के पास हर बार एक नया विषय होता है। ये सीरीज लुबना सलीम, राजेश कुमार, लीनेश मट्टू, ग्रेसी गोस्वामी और गौरव गेरा ने अपने घरों में रहते हुए शूट की है। इस सीरीज की रिलीज की तारीख का एलान जल्द ही होने वाला है।