Lock Upp: आपस में ही भिड़ गई ब्लू टीम, पूनम पांडे से बहस के बाद अंजलि अरोड़ा ने बीच में ही छोड़ा टास्क
कंटेस्टेंट को इस नए टास्क में कपड़े से रस्सी बनाने का काम दिया गया है। हालांकि देखा जा सकता है कि इस दौरान टीम ब्लू की सदस्य अंजलि अरोड़ा और पूनम पांडे आपस में ही भिड़ जाती हैं।
विस्तार
कंगना के शो लॉकअप में प्रतिभागियों को इस समय दो टीमों ब्लू और रेड में बांट दिया गया है। हर दिन कंटेस्टेंट खुद को नॉमिनेशन से बचाने के लिए हर कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं और कई बार इसी वजह से टीमों में जबरदस्त टक्कर भी देखने को मिल रही है। अब आगामी एपिसोड में दोनों टीमें अपने अगले टास्क को करती दिखाई देंगी। कंटेस्टेंट को इस नए टास्क में कपड़े से रस्सी बनाने का काम दिया गया है। हालांकि देखा जा सकता है कि इस दौरान टीम ब्लू की सदस्य अंजलि अरोड़ा और पूनम पांडे आपस में ही भिड़ जाती हैं।
अंजलि अरोड़ा ने बीच में ही छोड़ा टास्क-
ऑल्ट बालाजी की तरफ से जारी किए गए अगले एपिसोड के प्रोमो में देखा जा सकता है कि सभी सदस्यों को रस्सी बनाने का काम दिया गया है और इसी दौरान दोनों टीमों के लोग तेजी के साथ रस्सी बनाने के काम में लगे हैं। तभी पूनम पांडे थोड़ी अग्रेसिव हो जाती हैं और काम में हेल्प के लिए तेजी से चिल्लाती हैं। जिसके बाद अंजलि अरोड़ा यह कहती हुआ टास्क को बीच में ही छोड़कर चली जाती हैं कि कर लो अपने आप।
दोनों टीमों में होगा कड़ा मुकाबला-
ऑल्ट बालाजी की तरफ से प्रोमो को देखकर पता चल रहा है कि ये सारी चीजें टीम ब्लू की सोची समझी योजना है, जो सिर्फ रेड टीम का ध्यान भटकाने के लिए है, क्योंकि जारी किए गए प्रोमो मे कैप्शन में लिखा गया है, 'क्या ब्लू टीम की डिस्ट्रेक्ट और अटैक स्ट्रैटेजी होगी सक्सेसफुल'! अब देखना ये होगा कि उनका प्लान कितना वर्क करता है। प्रोमो देखकर लग रहा है कि हर एपिसोड की तरह लॉकअप का ये एपिसोड भी जबरदस्त एंटरटेनिंग होने वाला है।