Mohrey Trailer: वेब सीरीज ‘मोहरे’ में दिखेगी गुनाहों की दुनिया संग धोखे के कहानी, फिर विलेन बने जावेद जाफरी
वेब सीरीज में सबसे ज्यादा क्राइम थ्रिलर कहानियां दर्शकों को पसंद आती हैं। जल्द ही जावेदी जाफरी और नीरज काबी की क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘मोहरे’ आने वाली है। इसमें धोखे और गुनाहों की दुनिया की कहानी को दिखाया जाएगा।
विस्तार
कुछ देर पहले ही वेब सीरीज ‘मोहरे’ का ट्रेलर रिलीज हुआ है। इसमें जावेद जाफरी और नीरज काबी जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आ रहे हैं। यह वेब सीरीज इनके ही किरदारों के ईद-गिर्द बुनी गई है। जावेद जाफरी वेब सीरीज ‘ताजा खबर 2’ के बाद वेब सीरीज ‘मोहरे’ में दर्शकों को विलेन के किरदार में नजर आएंगे।
विलेन बनकर छा गए जावेद जाफरी
अपने अब तक के करियर में जावेद जाफरी ने कॉमिक रोल ही ज्यादा किए हैं। वह एक डांसर, कॉमिक एक्टर के तौर पर ही पहचाने जाते हैं। पिछले कुछ समय से वह अलग तरह के किरदार कर रहे हैं। कुछ समय पहले जावेद जाफरी ‘ताजा खबर 2’ वेब सीरीज में नेगेटिव रोल निभाते हुए नजर आए थे। अब जावेद जाफरी वेब सीरीज ‘मोहरे’ में गैंगस्टर बोस्को के किरदार में नजर आएंगे। वह इस सीरीज में मुंबई के अंडरवर्ल्ड के बेताज बदाशाह बने हैं। उसके खौफ और जुर्म से शहर परेशान है। साथ ही बोस्को की पुलिस ऑफिसर जब्बार से पुरानी दुश्मनी भी है। इस सीरीज में क्राइम की दुनिया के साथ, बोस्को और जब्बार की दुश्मनी को भी दिखा जाएगा। ट्रेलर में भी यह दोनों अपनी दुश्मनी शिद्दत से निभाते हुए नजर आ रहे हैं।
नीरज काबी बने हैं पुलिस ऑफिसर
वेब सीरीज ‘मोहरे’ में नीरज काबी का किरदार जब्बार, बोस्को की दशहत को खत्म करने के लिए अपनी एक स्पेशल टीम बनाता है। लेकिन उसकी ही टीम में से कोई शख्स बोस्को से मिला हुआ है। इस धोखे का पता जब्बार लगाना चाहता है। नीरज काबी वेब सीरीज ‘मोहरे’ में पुलिस ऑफिस के किरदार में काफी जंच रहे हैं। वह पहले भी कई क्राइम सीरीज का हिस्सा रह चुके हैं।
सीरीज में शामिल हैं कई कलाकार
जावेद जाफरी और नीरज काबी जैसे नामी कलाकारों के अलावा गायत्री भारद्वाज, आशिम गुलाटी, सुचित्रा पिल्लई और पुल्कित मकोल भी इस सीरीज का हिस्सा हैं। इस वेब सीरीज को दीपक धर और राजेश चड्ढा ने प्रोड्यूस किया है, वहीं निर्देशक मुकुल अभंयकर हैं। वेब सीरीज ‘मोहरे’ अमेजन एमएक्स प्लेयर पर 6 दिसंबर को दिखाई जाएगी।