Gehraiyaan on OTT: दीपिका अब वैलेंटाइंस डे पर सिखाएंगी मोहब्बत के पाठ, बदल गई ‘गहराइयां’ की रिलीज डेट
Gehraiyaan Release Date: प्राइम वीडियो की ओर से दीपिका पादुकोण के जन्मदिन पर फिल्म 'गहराइयां' के छह नए पोस्टर रिलीज़ करते हुए घोषणा की गई कि प्राइम वीडियो पर दुनिया के 240 देशों में फिल्म 'गहराइयां' का डिजिटल प्रीमियर होगा।
विस्तार
दीपिका पादुकोण स्टारर अमेज़न ऑरिजिनल मूवी 'गहराइयां' के नए पोस्टर उनके जन्मदिन के अवसर पर ओटीटी ने रिलीज किए हैं। इसके साथ ही अब ये फिल्म इस महीने न रिलीज होकर 11 फरवरी को रिलीज होगी। प्राइम वीडियो पर दुनिया के 240 देशों में फिल्म 'गहराइयां' का डिजिटल प्रीमियर होगा।
प्राइम वीडियो की ओर से दीपिका पादुकोण के जन्मदिन पर फिल्म 'गहराइयां' के छह नए पोस्टर रिलीज़ किए गए हैं। निर्देशक शकुन बत्रा के निर्देशन में बनी इस बहुप्रतीक्षित फ़िल्म में आज के जमाने के रिश्ते की उलझनों और इसकी अंदरूनी परतों, युवाओं के जीवन के खास पहलुओं तथा उन्मुक्त होकर अपनी मर्जी से जिंदगी बिताने की इच्छा को बखूबी प्रदर्शित किया गया है। फिल्म के नए पोस्टरों में इसके मुख्य कलाकार दीपिका पादुकोण, सिद्धांत चतुर्वेदी, अनन्या पांडे और धैर्य करवा दिख रहे हैं।
दीपिका पादुकोण ने अपने सोशल मीडिया पेज पर सबसे पहले इन पोस्टर्स को शेयर किया और साथ ही लिखा, "आप सभी के सब्र और भरपूर प्यार के लिए यह इस खास दिन पर आप सभी के लिए एक खास तोहफ़ा है।" फिल्म 'गहराइयां' में नसीरुद्दीन शाह और रजत कपूर ने भी इसमें अहम किरदार निभाए हैं।