Vikramaditya Motwane: ‘ब्लैक वारंट’ के लिए हॉलीवुड सीरीज बनी प्रेरणा, निर्माता ने किया तिहाड़ जेल का दौरा
Vikramaditya Motwane: फिल्म निर्माता विक्रमादित्य मोटवानी ने अपनी आगामी सीरिज ‘ब्लैक वारंट’ को लेकर चर्चा की। उन्होंने इसके निर्माण के पीछे की तकनीक और प्रेरणा के बारे में बात की।
विस्तार
फिल्म निर्माता विक्रमादित्य मोटवानी की आगामी सीरीज ‘ब्लैक वारंट’ जल्द ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इस सीरीज से कपूर खानदान से ताल्लुक रखने वाले जहान कपूर डेब्यू कर रहे हैं। हाल ही में निर्माता विक्रमादित्य ने बताया कि शो में तिहाड़ जेल की दीवारों के भीतर मौजूद दुनिया को दिखाने के लिए उन्होंने ‘फ्लाई ऑन द वॉल’ तकनीक का इस्तेमाल किया है। यह शो तिहाड़ के पूर्व अधीक्षक सुनील गुप्ता और पत्रकार सुनेत्रा चौधरी की किताब ‘ब्लैक वारंट: कन्फेशंस ऑफ ए तिहाड़ जेलर’ पर आधारित है।
विक्रमादित्य मोटवानी ने क्या कहा?
विक्रमादित्य मोटवानी ने पीटीआई से बातचीत में अपनी आगामी सीरीज ‘ब्लैक वारंट’ के बारे में बात करते हुए इसे बनाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "मैंने अपने क्रू को लगातार कहा कि आप ‘फ्लाई ऑन द वॉल’ (यह अंग्रेजी का एक मुहावरा है, जिसका मतलब होता है बिना किसी की नजर में आए चीजों को देखना) हैं। आप किसी के कमरे में झांक रहे हैं और ऐसा महसूस कर रहे हैं कि आप स्क्रीन पर जो कुछ भी हो रहा है, उसका आनंद ले रहे हैं। यह पूरे समय मुख्य मंत्र रहा है।"
इस खबर से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें: Black Warrant: ब्लैक वारंट का ट्रेलर रिलीज, तिहाड़ जेल की दीवारों के पीछे की कहानी, शशि कपूर के पोते का डेब्यू
इतिहास के छात्र रहे हैं विक्रमादित्य
विक्रमादित्य मोटवानी ने ‘सेक्रेड गेम्स’ जैसी सीरीज का निर्माण किया है। निर्माता ने कहा, "मैं समकालीन इतिहास का छात्र और प्रेमी हूं और मुझे इस पर रोचक, मनोरंजक और आकर्षक तरीके से प्रकाश डालना पसंद है। हर चीज के प्रति मेरा यही दृष्टिकोण है। मुझे फिल्म निर्माण पसंद है और मैं हर बार कुछ नया करने की चुनौती के लिए तैयार रहता हूं।"
इस खबर से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें: Black Warrant: नेटफ्लिक्स ने खरीदी जेलर सुनील गुप्ता की बुक पर बनी वेब सीरीज, सामने आएंगी तिहाड़ की शैतानियां
तिहाड़ जेल का किया दौरा
जेल की वास्तविक दुनिया को दिखाने के लिए, फिल्म निर्माता ने तिहाड़ जेल का दौरा किया और जेल के दैनिक कामकाज के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए गुप्ता से बात की, जिसमें कैदियों द्वारा पानी के लिए भुगतान करने या जेल के अंदर गिरोहों के बारे में सामान्य जानकारी शामिल थी।
‘माइंडहंटर’ से हुए इंस्पायर
निर्माता ने कहा, "जेल को देखने में कुछ अजीबोगरीब अनुभव होता है। 99.99 प्रतिशत आबादी में से 00.01 प्रतिशत लोग कभी जेल के अंदर नहीं जाएंगे, लेकिन अंदर क्या होता है, लोग कैसे हैं? क्या वे सभी अपराधी हैं? क्या इसमें कोई सकारात्मक पहलू है?" विक्रमादित्य ने कहा कि अमेरिकी फिल्म निर्माता डेविड फिन्चर की सीरीज ‘माइंडहंटर ने इस सीरीज के निर्माण के लिए छोटी प्रेरणा के रूप में काम किया।
सच्ची घटनाओं पर आधारित है फिल्म
‘ब्लैक वारंट’ सच्ची घटनाओं पर आधारित है। यह जेल ड्रामा सीरीज गुप्ता के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने दो भरोसेमंद साथी जेलरों के साथ तिहाड़ के कुख्यात कैदियों और 1980 के दशक की गहरी जड़ें जमाए हुए राजनीति का सामना करते हैं। यह सीरीज 10 जनवरी को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।