Unni Mukundan: अपने ऊपर लगे हमले के आरोपों पर उन्नी मुकुंदन ने दिया जवाब, बोले- ‘विपिन ने मुझे दीं धमकियां’
Unni Mukundan On Assault Allegations: अपने पूर्व मैनेजर के साथ मारपीट के आरोपों का सामना कर रहे अभिनेता उन्नी मुकुंदन ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। जानिए अभिनेता ने क्या कुछ कहा।
विस्तार
मलयालम अभिनेता उन्नी मुकुंदन इन दिनों विवादों में बने हुए हैं। उन्नी मुकुंदन पर खुद को उनका पूर्व मैनेजर बताने वाले विपिन कुमार ने हमले के आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्नी मुकुंदन चर्चाओं में बने हुए हैं। अब इस मामले पर उन्नी मुकुंदन ने प्रतिक्रिया दी है और इन आरोपों पर अपना जवाब दिया है।
उन्नी ने आरोपों को किया खारिज
उन्नी मुकुंदन की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में अभिनेता ने सभी आरोपों से इनकार किया और स्पष्ट किया कि विपिन को कभी भी उनका निजी मैनेजर नियुक्त नहीं किया गया था। अभिनेता ने कहा कि मेरा प्रोफेशनल एसोसिएशन 2018 में शुरू हुआ जब विपिन ने खुद को पीआरओ के रूप में पेश किया। उन्नी ने मार्को की शूटिंग के दौरान एक बड़ी अनबन का जिक्र किया, जहां विपिन का एक क्रू मेंबर के साथ सार्वजनिक रूप से विवाद हुआ था, जिससे फिल्म के लिए परेशानी खड़ी हो गई थी।
उन्नी ने विपिन पर लगाए आरोप
अपने बयान में आगे उन्नी ने आरोप लगाया कि उन्हें विपिन के गैर-पेशेवर व्यवहार के बारे में कई शिकायतें मिली थीं। जिसमें गपशप और उनके काम में हस्तक्षेप करना शामिल था। हालांकि, बाद में विपिन ने एक कॉमन फ्रेंड के सामने माफी मांगी, लेकिन उन्नी ने कहा कि उन्हें अभी भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विपिन ने उनके डिजिटल डेटा तक पहुंच बनाई और उन्हें बदनाम करने के लिए मौखिक धमकियां दीं।
यह खबर भी पढ़ेंः Unni Mukundan: अपने इस करीबी शख्स से उन्नी मुकुंदन ने की मारपीट, कहे अपशब्द; एक्टर के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत
‘मैं सच्चाई के साथ खड़ा हूं’
हमले के दावों को पूरी तरह से झूठा बताते हुए अभिनेता ने सीसीटीवी फुटेज की ओर इशारा किया जो उनकी बेगुनाही साबित कर सकता है। उन्होंने आगे विपिन पर हानिकारक अफवाहें फैलाने और व्यक्तिगत सीमाओं को पार करने का आरोप लगाया। उन्नी ने कहा कि उनकी सफलता से नाखुश कुछ लोग इन बेबुनियादी आरोपों और उन्हें बदनाम करने वाले इन आरोपों का समर्थन कर सकते हैं, लेकिन वह सच्चाई और प्रोफेशनलिज्म के साथ खड़े हैं।
विपिन कुमार ने लगाए थे हमले के आरोप
उन्नी मुकुंदन का मैनेजर बताने वाले विपिन कुमार ने अभिनेता आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर टोविनो थॉमस की फिल्म नारिवेट्टा की सकारात्मक समीक्षा साझा करने के बाद उन्नी ने उन पर हमला किया। जिसके बाद ये मामला काफी चर्चा में आ गया और अभिनेता उन्नी मुकुंदन लोगों के निशाने पर आ गए थे। अब अभिनेता ने इस मामले में अपना पक्ष रखा है।