सितारों की सुरक्षा: टाइगर पर हमले के बाद स्टार्स ने की सिक्योरिटी अपडेट; जानें कौन हैं सेलिब्रिटी बॉडीगार्ड्स
- टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद फिल्मी सितारों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
- टाइगर फायरिंग मामले की जांच में पता चला है कि कई और सेलेब्स भी निशाने पर थे और बाकायदा उनके घर की रेकी की गई थी।
- कई नामी फिल्मी स्टार्स अपनी सुरक्षा को मजबूत करने में जुट गए हैं। अक्षय कुमार ने अपने घर में बुलेट प्रूफ खिड़कियां लगवाई हैं।
- कुछ सितारों को सरकारी सुरक्षा मिली हुई है। कुछ प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का सहारा लेते हैं।
- इस बीच जानते हैं चर्चित सितारों के सेलिब्रिटी बॉडीगार्ड के बारे में, जिन पर वे अपनी सुरक्षा के लिए भरोसा करते हैं।
विस्तार
फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों फिल्मों और उनके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन से ज्यादा सितारों की सुरक्षा का मुद्दा छाया हुआ है। 18 अक्तूबर को टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना हुई। इस जानलेवा हमले में अभिनेता बाल-बाल बचे। उनके ड्राइवर और एक शख्स घायल हो गए। मामले की जांच जारी है, जिसमें नई-नई परतें खुल रही हैं। पता चला कि टाइगर से पहले निशाना कुछ और फिल्मी सितारे थे और उनके घर की बाकायदा रेकी हुई थी। यह जानकारी सामने आते ही, स्टार्स अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुट गए हैं। कई सितारों को धमकियां मिलने के बाद सरकारी सुरक्षा प्राप्त है। वहीं, कुछ ने अपने निजी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था कर रखी है। इन सितारों के बॉडीगार्ड भी अब किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं। इस खबर में जानिए कि सितारों ने अपनी सुरक्षा में क्या नया अपडेट किया है। साथ ही जानिए कौन हैं चर्चित सुपरस्टार्स के पर्सनल बॉडीगार्ड?
सुरक्षा के लिए मोटी रकम उड़ाते हैं सितारे
स्टारडम के बीच सिने सितारे किस तरह अपनी सुरक्षा का इंतजाम करते हैं। घर से निकलने के बाद उन्हें कई मौकों पर अपने प्रशंसकों से मिलना पड़ जाता है तो कई बार सार्वजनिक जगहों पर शूटिंग करनी पड़ती है। मगर इस बीच कोई होता है, जो उनकी सुरक्षा का बंदोबस्त कर रहा होता है। आखिर कौन? जवाब है- इनके बॉडीगार्ड्स। जी हां, सलमान से लेकर अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अक्षय कुमार तक तमाम सितारे अपनी सुरक्षा पर मोटी रकम उड़ाते हैं। कुछ सितारों के बॉडीगार्ड उनकी बराबर ही मशहूर हैं। उनकी सैलरी भी इतनी है कि सुनकर चौंक जाएंगे।
सलमान के बॉडीगार्ड शेरा
स्टार्स के बॉडीगार्ड का जिक्र हो तो सलमान खान के पर्सनल बॉडीगार्ड शेरा का नाम सबसे पहले आता है। कुछ बॉडीगार्ड एक्टर्स को उनके फैंस और परिवार से बेहतर तरीके से जानते हैं। शेरा उन्हीं में से एक हैं। वह छाया की तरह हर वक्त सलमान के साथ नजर आते हैं। बॉडीगार्ड्स की दुनिया में शेरा भी सेलिब्रिटी से कम नहीं हैं। वे तीन दशक से सलमान के साथ हैं। सलमान खान भी सरेआम यह कह चुके हैं कि वे अपनी जान के मामले में, सुरक्षा और पैसों से लेकर हर मामले में शेरा पर भरोसा करते हैं।
- बता दें कि शेरा उर्फ गुरमीत सिंह जॉली पहले मि. मुंबई जूनियर थे। वह वर्ष 1998 के मि. महाराष्ट्र जूनियर प्रतियोगिता के फाइनलिस्ट में से एक रहे हैं।
- सलमान का फुलटाइम बॉडीगार्ड बनने से पहले शेरा माइकल जैक्सन, विल स्मिथ, पेरिस हिल्टन और जैकी चैन समेत कई इंटरनेशनल सेलेब्स के बॉडीगार्ड रह चुके हैं।
- अगर पूछा जाए कि शेरा की सैलरी क्या है? तो रिपोर्ट्स के मुताबिक शेरा का सालाना वेतन दो से ढाई करोड़ रुपये है।
शाहरुख खान के बॉडीगार्ड रवि सिंह
शाहरुख खान के पर्सनल बॉडीगार्ड रवि सिंह हैं। वह फिल्म प्रमोशन से लेकर, जन्मदिन और पब्लिक अपीयरेंस तक किंग खान की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। शाहरुख की सुरक्षा करना आसान काम तो नहीं है। इसलिए, इसके लिए रवि तगड़ी फीस लेते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रवि सिंह सबसे महंगे बॉडीगार्ड की लिस्ट में शुमार हैं। रवि सिर्फ शाहरुख की सुरक्षा नहीं करते हैं, बल्कि वह उनके बच्चों आर्यन, सुहाना और अबराम की सुरक्षा में भी तैनात रहते हैं। ड्रग मामले में जब आर्यन खान को जेल से रिहा किया गया था तो रवि सिंह ने ही उन्हें कार में सुरक्षित बिठाकर मन्नत तक पहुंचाया था। रवि करीब 14 वर्षों से किंग खान की सुरक्षा में तैनात हैं।
आमिर खान के बॉडीगार्ड युवराज घोरपड़े
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के पर्सनल बॉडीगार्ड युवराज घोरपड़े हैं। वे हमेशा परछाई की तरह एक्टर के साथ रहते हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक युवराज घोरपड़े ने 16 साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया था और एक सुरक्षा एजेंसी में शामिल हो गए थे। बाद में वह आमिर खान के पर्सनल बॉडीगार्ड बने।
अक्षय कुमार के बॉडीगार्ड श्रेयस ठेले
बॉलीवुड के खिलाड़ी अभिनेता अक्षय कुमार के बॉडीगार्ड श्रेयस ठेले है। अक्षय को फैंस और फॉलोअर्स से बचाने का काम इनका है। उनकी सैलरी किसी कंपनी के सीईओ जितनी है। श्रेयस, अक्षय कुमार के अलावा उनके बेटे आरव को भी सुरक्षा देते हैं।
वरुण धवन को सुरक्षा कौन देता है?
अभिनेता वरुण धवन के पर्सनल बॉडीगार्ड मुबारक खान हैं। मुबारक ही एक्टर के शेड्यूल मैनेज करते हैं। उन्हें कई इवेंट्स में उनके साथ जाते देखा गया है। वे करीब एक दशक से वरुण धवन के साथ हैं, इसके चलते दोनों के बीच बॉन्डिंग भी काफी अच्छी हो गई है।
रामचरण के बॉडीगार्ड केविन कुंटा
साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार रामचरण के बॉडीगार्ड केविन कुंटा भी काफी सुर्खियां बटोरते हैं। वे असल में अफरीकी एमएमए फाइटर हैं। रामचरण की सुरक्षा में तैनात केविन को तगड़ी फीस मिलती है। फिल्म 'पेद्दी' के प्रमोशन के दौरान केविन कुंटा को रामचरण की सुरक्षा करते देखा गया था।