जॉनी लीवर की डिजिटल मीडिया में बोहनी की तैयारी, सुखवंत कलसी के साथ मिलकर बनाएंगे सीरीज
हिंदी सिनेमा में अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, रणवीर सिंह की फिल्मों से जुड़े किरदारों पर एनीमेशन फिल्में या कॉमिक्स बनने के बाद अब बारी जॉनी लीवर की है। जॉनी लीवर की शख्सीयत पर मिस्टर बीन की तरह की एक थ्रीडी कॉमेडी सीरीज बनने जा रही है और ये जल्द ही डिजिटल मीडिया पर उपलब्ध होगी।
कानपुर से मुंबई आकर सबसे पहले जी टीवी के शो जॉनी आला रे से जुड़ने वाले लेखक सुखवंत कलसी ने जॉनी लीवर पर ये सीरीज तैयार की है। 52 एपीसोड की इस सीरीज का हर एपीसोड 11 मिनट का होगा। सुखवंत कलसी इससे पहले राजू श्रीवास्तव शो, कॉमेडी नाइट्स विद कपिल लिख चुके हैं। लॉफ्टर चैलेंज के दौरान वह नवजोत सिंह सिद्धू की स्क्रिप्ट लिखा करते थे।
मलेशिया के फोर्थ डाइमेंशन स्टूडियो में एनीमेशन का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कलसी का लिखा बच्चा का कॉमिक्स जूनियर जेम्स बॉन्ड काफी मशहूर रहा है। डिजनी चैनल पर प्रसारित हो रहे चाचा भतीजा शो के लेखक भी सुखवंत ही हैं।