क्राइम पेट्रोल में दिल्ली गैंग रेप पर विशेष एपिसोड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्राइम पेट्रोल में इस सप्ताह दिल को दहला देने वाली एक और घटना पर आधारित एपिसोड का प्रसारण किया जा रहा है। यह एक ऐसी कहानी है, जिसने सभी भारतीयों में सनसनी फैला दी है। राजधानी नई दिल्ली को इन दिनों देश में बलात्कार की राजधानी के रूप में लोकप्रियता मिल रही है और एक बार फिर 23 वर्षीय सुहासी (काल्पनिक नाम) के सामूहिक बलात्कार मामले को लेकर यह शहर सुर्खियों में है। पिछले वर्ष दिल्ली की सर्द रात में सुहासी को बुरी तरह पीटा गया और उसे सामूहिक बलात्कार का शिकार बनाया गया। बलात्कार और मारपीट की घटना में सुहासी के दिमाग और गैस्ट्रोइंटेस्टिनल को काफी नुकसान पहुंचा था और बुरी तरह जख्मी पीडि़ता ने घटना के 13 दिनों बाद दम तोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि उसे आपातकालीन उपचार के लिये विदेश भी भेजा गया था।
घटना की शाम सुहासी अपने दोस्त के साथ एक निजी बस में सवार हुई थी। उसे लगा था कि यह सार्वजनिक बस है। बस में पांच यात्री पहले से ही बैठे हुये थे। बाद में सुहासी और उसके दोस्त को पता चला कि बस में बैठे लोग यात्री नहीं है, बल्कि ड्राइवर के दोस्त हैं और उन लोगों ने सुहासी के साथ चलती बस में दुर्व्यवहार किया और उसके दोस्त की बुरी तरह पिटाई की।
इसी घटना को क्राइम पेट्रोल के दो विशेष एपिसोड में 11 और 12 जनवरी 2013 को रात 11 बजे सिर्फ सोनी एन्टरटेनमेंट टेलीविजन पर दिखाया जाएगा।
इस शो के एंकर अनुप सोनी का कहना है कि कहा, ''हम भारत के नागरिकों को बलात्कार एवं छेड़छाड़ की घटनाओं के संदर्भ में जागरूक करना चाहते हैं, जिनका सामना महिलाओं को अपने दैनिक जीवन में करना पड़ता है और कई बार इन मामलों में पुलिस में एफआईआर तक दर्ज नहीं कराई जाती है। इस एपिसोड के माध्यम से लोगों को दो बातों पर विचार करना चाहिये। सबसे पहले भारत सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कानून बनाने चाहिये, ताकि इस तरह के अपराध करने से पहले उनके मन में कठोर सजा का खौफ हो। दूसरी बात यह है कि लोगों को व्यक्तिगत तौर पर खुद को बदलना चाहिये। सभी लोगों को अपने घर की महिलाओं का सम्मान करना चाहिये।''
इस घटना पर शो के क्रिएटिव डायरेक्टर श्री एस. सुब्रमण्यम् का कहना है कि कहा, ''हमें लाखों भारतीयों की मोमबत्तियों की लौ को प्रज्जवलित रखने की जरूरत है। यह गुस्सा फिलहाल शांत नहीं हो सकता है। इस बीमारी का कोई निवारक भी नहीं है। हमें उन लोगों से बात करने की जरूरत है, जिन्हें हमने देश और नागरिकों की बेहतरी के लिये चुना है। हम इस घटना को नहीं भूल सकते हैं और न ही भविष्य में कभी भूल पायेंगे। क्राइम पेट्रोल न्याय के लिये इस आग को जलाये रखने का वादा करता है।''