Christmas 2021: 'धड़कन ज़िंदगी की' के सेट पर विद्युत ने मनाया जश्न, पकवानों के के साथ बांटी त्यौहार की खुशियां!
अपने ऑन-स्क्रीन किरदार की तरह विद्युत जे़वियर खुलकर जिंदगी जीते हैं और अपनी हंसी-मजाक और गेम्स की आदतों के साथ सेट पर सभी का मूड संवार देते हैं।
विस्तार
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का ताजातरीन शो 'धड़कन ज़िंदगी की' अपनी रोचक कहानी और दमदार किरदारों के साथ दर्शकों का दिल जीतने की कोशिश लगातार कर रहा है। धारावाहिक में एक किरदार हैं डॉ. अभय का, जिसे दर्शकों से बहुत प्यार मिल रहा है। अभिनेता विद्युत जेवियर के निभाए इस किरदार में कहानी के कई रंग देखने को मिल रहे हैं और इन दिनों विद्युत क्रिसमस के त्यौहार के रंग में भी रंगे नजर आ रहे हैं।
अपने ऑन-स्क्रीन किरदार की तरह विद्युत जे़वियर खुलकर जिंदगी जीते हैं और अपनी हंसी-मजाक और गेम्स की आदतों के साथ सेट पर सभी का मूड संवार देते हैं। इस बार क्रिसमस की उमंग जगाते हुए विद्युत 'धड़कन ज़िंदगी की' परिवार की अदिति गुप्ता, रोहित पुरोहित, अल्मा हुसैन, राघव धीर और निशांत सिंह के लिए जिंजरब्रेड जैसे क्रिसमस के कुछ लजीज व्यंजन लेकर आए। इन कलाकारों ने ना सिर्फ जिंजरब्रेड का मजा लिया, बल्कि अपने इस शेफ के बेकिंग स्किल्स के लिए उनकी तारीफ भी की।
अपने को-स्टार्स को क्रिसमस के इस उपहार से सरप्राइज़ देने को लेकर एक्टर विद्युत जेवियर कहते हैं, "क्रिसमस सही मायनों में दोस्तों और परिवार में खुशियां बांटने का मौका है। यदि मैं अपनी बात करूं तो मैं एक अच्छा बेकर हूं और मैंने बचपन से ही अपनी मॉम की रेसिपी के बहुत-से क्रिसमस के व्यंजन बेक किए हैं। अब जबकि मैं 'धड़कन ज़िंदगी की' के शूटिंग शेड्यूल में व्यस्त हूं, तो मुझे अपने परिवार से मिलने का मौका बहुत कम मिलता है। लेकिन इस धारावाहिक के कलाकार भी तो मेरे परिवार की ही तरह हैं, इसलिए क्रिसमस का पर्व इस बार मैंने इन लोगों के साथ मनाया।”
विद्युत को इसमें काफी आनंद भी आया। इन खुशियों को साझा करते हुए वह कहते हैं, “ सेट पर मेरे दोस्त मेरे परिवार की तरह बन गए हैं। इसलिए मैंने क्रिसमस के इस माहौल को देखते हुए जिंजरब्रेड तैयार की और इसे 'धड़कन ज़िंदगी की' के अपने परिवार के साथशेयर की। शुक्र है, उन्हें यह बढ़िया लगी और उन्होंने मुझे कुछ और कुकीज बेक करने को कहा। जहां उन्होंने जिंजरब्रेड का मजा लिया, वहीं मुझे उन्हें देखकर बहुत खुशीहु ई। हम सभी बहुत कम समय में एक दूसरे के इतने करीब आ गए हैं। मेरे लिए ये सचमुच क्रिसमस का एक करिश्मा है।"