Bhabiji Ghar Par Hain: बदल गया धारावाहिक के लोकप्रिय किरदार का चेहरा, इस अभिनेत्री को मिला अनीता भाबी बनने का मौका
अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव को इस सीरियल में अनिता भाबी का मशहूर किरदार मिला है। तमाम भाषाओं की फिल्मों और धारावाहिकों में अपना हुनर दिखा चुकीं विदिशा की इस धारावाहिक में एंट्री को लेकर अटकलो का बाजार काफी दिनों से गर्म रहा है।
विस्तार
भारतीय टेलीविजन के तमाम लोकप्रिय किरदारों में शुमार हो चुका धारावाहिक ‘भाबीजी घर हैं’ का किरदार अनिता भाबी एक बार फिर नई पहचान पाने वाला है। अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव को इस सीरियल में अनिता भाबी का मशहूर किरदार मिला है। तमाम भाषाओं की फिल्मों और धारावाहिकों में अपना हुनर दिखा चुकीं विदिशा की इस धारावाहिक में एंट्री को लेकर अटकलो का बाजार काफी दिनों से गर्म रहा है। अब खुद विदिशा ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वह धारावाहिक ‘भाबीजी घर हैं’ की अनीता भाबी बन चुकी हैं।
मैं बहुत खुश हूं और मुझे इस बात पर गर्व भी महसूस हो रहा है। मुझे इस शो के दिलचस्प किरदार और मजेदार कहानी देखने में हमेशा से ही मजा आता है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे एक दिन उनमें से एक लीड किरदार को निभाने का मौका मिलेगा। यह वाकई बेहद यादगार पल है। मैं लोगों का इतना ज्यादा विश्वास पाकर बेहद उत्साहित हूं और सबसे महत्वपूर्ण ये है कि इसमें मुझे दमदार कलाकारों आसिफ शेख, रोहिताश्व गौड़ और शुभांगी अत्रे के साथ काम करने का मौका मिल रहा है।”
अनिता भाबी के किरदार के बारे में चर्चा चलने पर विदिशा कहती हैं, ‘‘चर्चित किरदारों को निभाना आसान नहीं होता क्योंकि काफी हद तक दर्शक उस एक्टर और किरदार से जुड़े होते हैं। लेकिन मैं इस जिम्मेदारी को पूरे दिल से उठाने के लिये तैयार हूं। अनिता भाबी, कंटेम्पररी और आज के जमाने की महिला है। उसकी अपनी सोच है और वह बोल्ड है। वह जिस पर यकीन करती है उस पर कायम रहती है और आसानी से बातों में नहीं आती। और हां, वह काफी ग्लैमरस और अदाओं से भरी हुई है।”