Kush Shah: 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के कुश शाह को याद आया बचपन, कहा- मोटे लोगों का स्कूल में रहना मुश्किल
Kush Shah On Overweight: 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के अभिनेता कुश शाह ने अपने बचपने के दिनों को याद किया है। उन्होंने ज्यादा वजन की वजह से हुई दिक्कतों के बारे में बताया है।
विस्तार
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शो में पहले डॉक्टर हाथी का किरदार कवि कुमार निभाते थे। उनका साल 2018 में निधन हो गया। उनकी जगह निर्मल वर्मा ने ले ली। शो में गोली का किरदार निभा चुके कुश शाह अब भी उन्हें याद करते हैं। उन्होंने पिछले साल आगे की पढ़ाई के लिए शो छोड़ दिया। कुश शाह ने जस्ट किडिंग विद सिड के साथ पॉडकास्ट में वजन के कारण बॉडी शेमिंग का सामना करने पर बात की है।
मोटे लोगों का स्कूल में रहना मुश्किल है
कुश शाह ने ज्यादा वजन की वजह से बॉडी शेमिंग के बारे में बात करते हुए बताया 'मुझे लगता है मैं भाग्यशाली हूं। स्कूल में एक मोटे बच्चे के बारे में सोचिए, एक समान्य भारतीय स्कूल में रहना कितना मुश्किल है। लोग आपको शांति से जीने नहीं देते हैं। मैं फिर भी मैनेज कर पाया क्योंकि मैं मशहूर था। मुझे मनचलों की वजह से बदमाशी का सामना करना पड़ा। जब से मैं मशहूर हुआ हूं, मैं थोड़ा बच गया हूं। लेकिन इसका उल्टा असर भी हुआ है लोग कहते हैं कि तुम पतले हो गए हो। तुमने अपना वजन घटा लिया है क्योंकि तुमने दिल पर ले लिया है। लेकिन मुझे किसी ने इतना तंग नहीं किया कि मेरा वजन कम हो जाए।'
यह खबर भी पढ़ें: Hansal Mehta: प्रतीक शाह पर भड़के हंसल मेहता, लोगों से की ये मांग; कहा- दुर्व्यवहार चुप्पी में पनपता
दुख जताने का कुश का अलग है तरीका
कवि कुमार आजाद को याद करते हुए कुश शाह ने कहा 'आजाद अंकल के जाने पर मेरी आंखों में आंसू नहीं आए। मैं खुद से सवाल करता रहा कि मैंने अपने कुछ करीबी लोगों को खो दिया है, लेकिन मैं भावुक क्यों नहीं हो रहा। मैं खुद से सवाल करता था लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि मेरा दुख जाहिर करने का तरीका अलग है। मैं रोता नहीं हूं, लेकिन मैं उनके बारे मे सोचता रहता हूं। जैसे जब मैं सीन करता था, तो सोचता था कि अगर आजाद अंकल होते तो क्या करते।' कुश ने बताया कि आजाद अंकल बेहतरीन कवि थे।
पसंद की वजह से शुरू किया कारोबार
कवि कुमार के बारे में बात करते हुए बताया 'उनके बारे में एक दिलचस्प बात यह है कि अगर आप मुंबई से हैं, तो आपने मलाड में कुसुम रोल्स के बारे में सुना होगा। उन्होंने वह कारोबार इसलिए शुरू किया था क्योंकि उन्हें कुसुम रोल्ल बहुत पसंद थे। वह अब नहीं रहे लेकिन उन्होंने अपने परिवार को बसाया। वे सभी के साथ प्यार से पेश आते थे। वह एक बेहतरीन इंसान थे। मैं उनसे प्यार करता हूं।'