Mahesh Babu: 'मुफासा: द लायन किंग' में धमाल मचाने को तैयार महेश बाबू, तेलुगु संस्करण में बनेंगे मुफासा की आवाज
अभिनेता महेश बाबू आगामी डिज्नी फिल्म 'मुफासा: द लायन किंग' में मुफासा को आवाज देंगे। फिल्म का तेलुगु ट्रेलर 26 अगस्त को सुबह 11:07 बजे लॉन्च किया जाएगा।
विस्तार
महेश बाबू इन दिनों एसएस राजामौली के साथ अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एसएसबी 29' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, इस फिल्म के अलावा अभिनेता का जलवा दूसरी फिल्म में भी देखने को मिला। अभिनेता को लेकर नई खबर सामने आई है, जो प्रशंसकों को खुश कर देगी। दरअसल, महेश बाबू 'मुफासा: द लॉयन किंग' में अपनी आवाज का जादू चलाने के लिए तैयार है।
मुफासा की आवाज बने महेश बाबू
अभिनेता महेश बाबू को आगामी डिज्नी फिल्म 'मुफासा: द लॉयन किंग' में मुफासा की आवाज के रूप में पेश किया है। यह फिल्म एक शानदार पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है। इस बार मुफासा की पिछली कहानी पर ध्यान केंद्रित करते हुए निर्माता नई कहानी पेश करेंगे। वहीं फिल्म में अब महेश बाबू की आवाज मुफासा के रूप में सुनाई देगी।
इस दिन रिलीज होगा ट्रेलर
फिल्म का तेलुगु ट्रेलर 26 अगस्त को सुबह 11:07 बजे लॉन्च होने वाला है, जो अभिनेता और उनके प्रशंसकों दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण पल है। इस खबर की घोषणा एक्स की गई। कैप्शन में लिखा गया, 'सुपरस्टार महेश बाबू डिज्नी की शानदार पारिवारिक मनोरंजक फिल्म मुफासा द लॉयन किंग में मुफासा की तेलुगु आवाज हैं। 26 अगस्त को सुबह 11:07 बजे तेलुगु ट्रेलर लॉन्च होगा। 20 दिसंबर को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में सिनेमाघरों में फिल्म को धमाकेदार तरीके से देखें।'
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
इस ट्रेलर रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है, क्योंकि इसमें महेश बाबू की शक्तिशाली और गूंजती आवाज की झलक देखने मिलेगी, जिसे वे मुफासा के प्रिय किरदार में लेकर आएंगे। 20 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली 'मुफासा: द लायन किंग' अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु सहित कई भाषाओं में उपलब्ध होगी। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान फिल्म के हिंदी संस्करण में मुफासा की आवाज देंगे, आर्यन खान सिम्बा की और अबराम खान युवा मुफासा की आवाज देंगे।