Sukumar-Ram Charan: सुकुमार-राम चरण की फिल्म पर आया नया अपडेट, जानें कब से शुरू होगा काम
Sukumar-Ram Charan Upcoming Movie: सुकुमार इन दिनों 'पुष्पा 2' की सफलता का लुत्फ उठा रहे हैं। इस बीच उनकी आगामी फिल्म को लेकर एक नया अपडेट आया है।
विस्तार
‘पुष्पा 2’ की शानदार कामयाबी के बाद निर्देशक सुकुमार इन दिनों काम से ब्रेक लेकर आराम कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह अगले एक महीने तक और फिल्मी दुनिया से दूर रहेंगे। इसके बाद वह अपनी अगली बड़ी फिल्म की तैयारी में जुट जाएंगे, जिसमें सुपरस्टार राम चरण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
सुकुमार की फिल्में दर्शकों को अपनी गहरी कहानियों और शानदार निर्देशन से हमेशा बांधे रखती हैं। उनकी फिल्म ‘पुष्पा 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। अब सुकुमार इस सफलता का जश्न मनाने के साथ-साथ नई ऊर्जा के साथ वापसी की तैयारी कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह जून 2025 से अपनी लेखन टीम के साथ मिलकर नई फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम शुरू करेंगे। इस फिल्म में राम चरण के साथ उनकी जोड़ी एक बार फिर धमाल मचाने को तैयार है।
Miriam Haley: हार्वे वीनस्टीन के खिलाफ मीरियम हेली ने फिर दी गवाही, अदालत में सुनाई आपबीती
सुकुमार और राम चरण की जोड़ी पहले भी दर्शकों को अपनी फिल्म से लुभा चुकी है। दोनों की पिछली फिल्म 'रंगस्थलम' ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाल दिखाया था। अब दोनों की आगामी फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। हर कोई यह जानने को बेताब है कि इस बार यह जोड़ी स्क्रीन पर क्या जादू लेकर आएगी।
फिल्म की कहानी और अन्य विवरण गुप्त रखे गए हैं, लेकिन सुकुमार के निर्देशन और राम चरण की दमदार मौजूदगी को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी दर्शकों को थिएटर में खींच लाएगी। सुकुमार की खासियत है कि वह हर किरदार को गहराई देते हैं और कहानी को रोमांचक अंदाज में पेश करते हैं। फैंस को भरोसा है कि यह फिल्म भी उनकी इस खास शैली को बरकरार रखेगी।