Prabhudeva: प्रभुदेवा ने दिवंगत अभिनेता मदन बॉब को दी श्रद्धांजलि, बोले- उनकी मौजूदगी हमेशा खुशी लाती थी
Prabhudeva Pays Tribute To Madhan Bob: शनिवार को तमिल सिनेमा के जाने-माने अभिनेता मदन बॉब का निधन हो गया। तमिल सिनेमा के कलाकारों ने दिवंगत अभिनेता मदन बॉब को श्रद्धांजलि दी है। कोरियोग्राफर, डायरेक्टर प्रभुदेवा ने भी मदन बॉब को याद किया।
विस्तार
कई तमिल फिल्मों में अपने अभिनय के लिए मशहूर अभिनेता मदन बॉब का 2 अगस्त को निधन हो गया। 71 साल के मदन बॉब कैंसर की बीमारी से लंबे वक्त से जूझ रहे थे। इस उम्दा कलाकार को कोरियोग्राफर, निर्देशक और एक्टर प्रभुदेवा ने भी ट्रिब्यूट दिया है।
प्रभुदेवा बोले- मदन बॉब को हमेशा याद रखा जाएगा
प्रभुदेवा ने अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर ट्वीट किया, जिसमें वह लिखते हैं, ‘मैंने दिवंगत अभिनेता मदन बॉब के साथ स्क्रीन शेयर किया था। सेट पर उनकी मौजूदगी हमेशा खुशी लाती थी। वह हंसमुख और दयालु थे, उन्होंने अपने आस-पास सभी को खुश रखा। मेरी संवेदनाएं मदन बॉब के परिवार के साथ हैं। उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।’
We shared the screen, and his presence always brought joy to the set.
— Prabhudheva (@PDdancing) August 2, 2025
Cheerful, kind, and full of humour he made everyone feel happy around him.
Heartfelt condolences to his family.
He’ll always be remembered 🙏 pic.twitter.com/Ji5sqMlsDW
इन फिल्मों में साथ किया अभिनय
प्रभुदेवा और मदन बॉब ने साल 2000 में रिलीज हुई रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'पेनिन मनाथाई थोट्टू' में साथ काम किया था। इस फिल्म को एस.एजिल ने निर्देशित किया था। फिल्म में प्रभुदेवा लीड रोल में थे और मदन बॉब ने सपोर्टिंग रोल किया था।
रजनीकांत और कमल हासन के साथ भी बड़े पर्दे नजर आए
मदन बॉब का असल नाम एस कृष्णमूर्ति था। उन्होंने कमल हासन, रजनीकांत, अजित कुमार, सूर्या जैसे नामी साउथ सुपरस्टार के साथ अभिनय किया। वह एक पॉपुलर तमिल कॉमेडी शो ‘असाथा पोवथु यारु?’ में जज के तौर पर भी नजर आए थे। अभिनय के लिए ही मदन बॉब नहीं जाने जाते थे, वह एक उम्दा संगीतकार भी थे।