Allu Arjun-Trivikram: अल्लू अर्जुन-त्रिविक्रम की फिल्म पर आई ऐसी जानकारी, जानकर फैंस हो जाएंगे खुश
Allu Arjun-Trivikram Srinivas Movie: अल्लू अर्जुन और त्रिविक्रम श्रीनिवास की फिल्म पर नागा वामसी ने एक खास जानकारी साझा की है। इसे जानने के बाद फैंस का उत्साह और भी ज्यादा बढ़ जाएगा।
विस्तार
'पुष्पा 2' की शानदार सफलता के बाद अल्लू अर्जुन के फैंस उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पहले खबर थी कि अल्लू अर्जुन मशहूर निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ एक फिल्म करने वाले हैं। हालांकि, अब ऐसा लगता है कि अभिनेता ने त्रिविक्रम से पहले निर्देशक एटली के साथ काम करने का मन बना लिया है। कहा जा रहा है कि त्रिविक्रम के साथ उनकी फिल्म बंद तो नहीं हुई पर इसे शुरू होने में थोड़ा समय लग सकता है। यह बड़ी फिल्म हारिका और हसीन क्रिएशंस के बैनर तले बनेगी। इसके मालिक नागा वामसी के चाचा एस राधा कृष्ण हैं।
हाल ही में अपनी फिल्म 'मैड स्क्वायर' के प्रमोशन के दौरान नागा वामसी ने इस प्रोजेक्ट के बारे में खुलकर बात की। गलाटा से बातचीत में उन्होंने कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री ने पौराणिक फिल्में बनाना क्यों बंद कर दिया? अल्लू अर्जुन सर और त्रिविक्रम सर के साथ हमारी फिल्म एक पौराणिक कहानी पर आधारित होगी, जो पूरे भारत को अपनी भव्यता से हैरान कर देगी।"
Arya Babbar: ‘हम नाम बदल सकते हैं, वजूद नहीं’, प्रतीक बब्बर के नाम बदलने पर बोले भाई आर्य बब्बर
नागा वामसी ने आगे कहा, "मैं नहीं जानता कि मुझे यह बताना चाहिए या नहीं, लेकिन यह फिल्म रामायण या महाभारत पर आधारित नहीं होगी। हम एक ऐसी पौराणिक कहानी लेकर आ रहे हैं, जिसके बारे में लोग कम जानते हैं। लोगों ने उस देवता का नाम तो सुना होगा, लेकिन उनकी जिंदगी में क्या हुआ, यह किसी को नहीं पता। हम उस कहानी को बड़े पर्दे पर भव्य तरीके से दिखाएंगे।"
गौरतलब है कि हाल ही में अल्लू अर्जुन 'पुष्पा 2' में नजर आए थे। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की थी। केवल भारत में ही फिल्म ने टिकट खिड़की पर 1234.1 करोड़ रुपये का कारोबार कर डाला था। देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में यह फिल्म पहले स्थान पर है।
संबंधित वीडियो