Crazxy: रिलीज के एक हफ्ते बाद सोहम की 'क्रेजी' में होगा बड़ा बदलाव, दर्शकों को लुभाने के लिए यह करेंगे मेकर्स
Crazxy: सोहम शाह की फिल्म नए क्लाइमेक्स के साथ दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। दर्शकों की मांग को देखते हुए निर्माताओं ने यह फैसला लिया है।
विस्तार
हाल ही में री-रिलीज हुई ‘तुंबाड’ को दर्शकों का काफी प्यार मिला। फिल्म फिर से रिलीज होने पर भी काफी ज्यादा हिट साबित हुई। ‘तुंबाड’ की सफलता से उत्साहित एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह पिछले महीने एक नई फिल्म लेकर आए ‘क्रेजी’। एक्शन से भरपूर यह फिल्म सोहम का एक ड्रीम प्रोजेक्ट थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर 'छावा' के तूफान के आगे सोहम की क्रेजी टिक नहीं सकी और फिल्म आलोचकों और दर्शकों के मिले-जुले रिस्पॉन्स के बावजूद कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। अब दर्शकों और क्रिटिक्स की प्रतिक्रियाओं के बाद फिल्म के निर्माता सोहम शाह ने दर्शकों को फिल्म से जोड़ने के लिए फिल्म के क्लाइमेक्स में बदलाव करने का फैसला किया है।
कब से देख सकेंगे नया क्लाइमेक्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्माता सोहम शाह और निर्देशक गिरीश कोहली ने दर्शकों की भावनाओं को समझने के बाद एक अलग क्लाइमेक्स की संभावना पर चर्चा की है। फिल्म का नया क्लाइमेक्स शुक्रवार से सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। जबकि मीडिया के लिए गुरुवार को एक स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई है।
यह खबर भी पढ़ें: Shweta Tripathi: ‘मिर्जापुर’ की गोलू अब बनाएंगी फिल्म, पेश करेंगी दो महिलाओं की प्रेम कहानी
सोहम ने इंस्टाग्राम पर दी जानकारी
सोहम शाह ने खुद भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी है। अपनी पोस्ट में सोहम शाह ने लिखा, “फिल्म बनाना सफर का आधा हिस्सा है, जिसे आपके प्यार ने पूरा किया है। क्रेजी को मिले समर्थन के लिए मैं आपका आभारी हूं। आप जैसे दर्शकों के कारण ही हम ऐसी कहानियां दिखा सकते हैं, जो हमारे साथ खड़े हैं और हमें प्रेरित करते हैं। आप में से कई लोगों ने यह शेयर किया था कि आप क्लाइमेक्स और भी अच्छा चाहते थे। हम आपको सुनते हैं और आपकी मांगों को पूरा करने का प्रयास करते हैं। सिनेमा के आपके अनुभव को और भी बेहतर, रोमांचकारी, गंभीर और आकर्षक बनाने के लिए हमने क्लाइमेक्स में कुछ बदलाव किया है। साथ ही इसमें थोड़ा कुछ अलग और नया भी किया है। जिसे आप इस शुक्रवार से सिनेमाघरों में देख सकते हैं। उम्मीद करते हैं कि ये आपको अच्छा लगेगा और आपको आनंद आएगा।”
यह खबर भी पढ़ें: Sivasri Skandaprasad: कौन हैं शिवश्री स्कंदप्रसाद? जानिए ऐश्वर्या राय से कनेक्शन, BJP सांसद से रचाई शादी
सस्पेंस-थ्रिलर है ‘क्रेजी’
क्रेजी एक सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है, जिसमें एक पिता अपनी बेटी को बचाने के लिए तमाम मुश्किलों का सामना करने के लिए तैयार हो जाता है। गिरीश कोहली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सोहम शाह के अलावा उन्नति सुराणा और शिल्पा शुक्ला जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं।
