शबाना आजमी से लेकर सोनू निगम तक, सतीश शाह की प्रार्थना सभा में पहुंचे सितारे; रूपाली गांगुली हुईं भावुक
Satish Shah Prayer Meet: 74 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले अभिनेता सतीश शाह की आज प्रार्थना सभा आयोजित की गई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए तमाम सितारे उनकी प्रार्थना सभा में शामिल हुए।
विस्तार
टीवी और फिल्मों के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह के निधन के बाद आज उनके लिए प्रार्थना सभा आयोजित की गई। जहां अभिनेता को श्रद्धांजलि देने के लिए टीवी और फिल्म जगत के तमाम सेलेब्स पहुंचे। इस दौरान एक्टर की पत्नी मधु शाह भी प्रार्थना सभा में शामिल हुईं।
सोनू निगम और शबाना आजमी भी पहुंचे
सतीश शाह को श्रद्धांजलि देने के लिए सितारों का पहुंचना लगातार जारी है। दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी और कैफी आजमी भी प्रार्थना सभा में पहुंचीं। साथ में सिंगर सोनू निगम और अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह भी शामिल हुए।
विज्ञापन विज्ञापन
भावुक नजर आईं रूपाली गांगुली
'अनुपमा' फेम एक्ट्रेस रूपाली गांगुली भी प्रार्थना सभा में पहुंचीं। इस दौरान रूपाली काफी भावुक नजर आईं। उनकी आंखों में आंसू देखने को मिले।
एक साथ नजर आई साराभाई वर्सेस साराभाई की टीम
सतीश शाह को घर-घर में मशहूर बनाने वाले टीवी शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' की पूरी टीम अपने साथी कलाकार को श्रद्धांजलि देने प्रार्थना सभा में पहुंची। इस दौरान पूरी टीम ने सतीश शाह की तस्वीर के साथ फोटो भी खिंचाई।
राकेश रोशन और शत्रुघ्न सिन्हा ने दी श्रद्धांजलि
वेटरन एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा और अभिनेता-निर्देशक राकेश रोशन भी सतीश शाह को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रार्थना सभा में पहुंचे। इस दौरान दोनों सितारे साथ में नजर आए।
नाम आंखों के साथ पहुंचे राजेश कुमार
सतीश शाह को अपना पिता बताने वाले अभिनेता राजेश कुमार नम आंखों के साथ प्रार्थना सभा में पहुंचे। राजेश के चेहरे पर उदासी साफ देखी जा सकती थी।
शैलेश लोढ़ा भी पहुंचे
टीवी के सबसे पॉपुलर शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का हिस्सा रहे अभिनेता और कवि शैलेश लोढ़ा ने भी प्रार्थना सभा में पहुंचकर दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को श्रद्धांजलि दी।
डेविड धवन और जॉनी लीवर भी पहुंचे
इस दौरान सतीश शाह के मशहूर टीवी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के कलाकार भी प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इसके अलावा दिग्गज फिल्ममेकर डेविड धवन और मशहूर कॉमेडी एक्टर जॉनी लीवर भी सतीश शाह को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रार्थना सभा में पहुंचे। सभी के चेहरे पर अपने साथी कलाकार को खोने का गम साफ झलक रहा था।
पूनम ढिल्लों भी हुईं शामिल
साराभाई वर्सेस साराभाई में सतीश शाह के साथ काम कर चुके अभिनेता सुमित राघवन भी अपने पूरे परिवार के साथ सतीश शाह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इसके अलावा अभिनेता व निर्देशत जमनादास मजीठिया भी प्रार्थना सभा सम्मिलित हुए। वहीं वेटरन एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों भी सतीश को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रार्थना सभा में शामिल हुईं।
74 वर्ष की उम्र में हुआ था निधन
सतीश शाह का निधन 25 अक्तूबर को 74 वर्ष की उम्र में हो गया था। जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत की वजह किडनी फेल होना था। डॉक्टर्स की ओर से बताया गया कि एक्टर घर पर ही बेहोश हो गए थे। उन्हें वहीं से सीपीआर दिया जाने लगा था, जो एम्बुलेंस में भी अस्पताल में पहुंचने तक दिया जाता रहा। लेकिन फिर भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भुवन बाम भी सतीश शाह को नमन करने के लिए उनकी प्रार्थना सभा में शामिल हुए। वहीं लीजेंड्री एक्टर रजा मुराद भी दोस्त सतीश शाह को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे।