पत्नी मधु के लिए और जीना चाहते थे सतीश शाह, इसलिए लिया था यह फैसला, सचिन पिलगांवकर का खुलासा
Sachin Pilgaonkar On Satish Shah Death: अभिनेता सतीश शाह नहीं रहे। कल शनिवार को 74 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। उनके निधन से इंडस्ट्री में शोक छाया है। सतीश के करीबी दोस्त एवं एक्टर सचिन पिलगांवकर बुरी तरह टूट गए हैं। उन्होंने दिवंगत एक्टर की निजी जिंदगी को लेकर एक खुलासा किया है।
विस्तार
अभिनेता सतीश शाह का अंतिम संस्कार आज रविवार को मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में किया गया। उन्हें आखिरी विदा देने इंडस्ट्री की कई चर्चित हस्तियां पहुंचीं। रोते-बिलखते परिवार एवं करीबियों ने सतीश शाह को विदा किया। दिवंगत एक्टर किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। इसके अलावा उनकी पत्नी मधु शाह की सेहत भी ठीक नहीं है। हाल ही में एक्टर सचिन पिलगांवकर ने सतीश शाह की निजी जिंदगी पर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि सतीश ने पत्नी की खातिर किडनी ट्रांसप्लांट कराया था।
पत्नी के लिए और जीना चाहते थे सतीश शाह
सचिन पिलगांवकर के मुताबिक सतीश शाह की पत्नी मधु शाह अल्जाइमर से पीड़ित हैं। पत्नी की देखरेख कर सकें, इसलिए सतीश ने किडनी ट्रांसप्लांट कराया था। सचिन ने यह भी बताया कि निधन से चंद घंटे पहले ही उनकी सतीश शाह से बात हुई थी। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी सुप्रिया पिलगांवकर भी सिर्फ तीन दिन पहले सतीश शाह से मिलने उनके घर गई थीं। एक्टर सचिन पिलगांवकर ने न्यूज 18 से बातचीत में अपने दोस्त सतीश शाह को लेकर बात करते हुए कहा कि सतीश ने किडनी ट्रांसप्लांट करवाया था, क्योंकि वह और जीना चाहते थे, ताकि अपनी पत्नी मधु शाह की देखभाल कर सकें। मधु अल्जाइमर से पीड़ित हैं। सचिन ने बताया कि सतीश ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले ही उन्हें एक टेक्स्ट मैसेज भेजा था।
Satish Shah: पंचत्तव में विलीन हुए सतीश शाह, कई सितारों ने दी अंतिम विदाई; रुपाली गांगुली का रो-रोकर बुरा हाल
कुछ समय पहले हुई थी बाईपास सर्जरी
सचिन कहा कि सतीश डायलिसिस पर थे। अफसोस की मधु भी ठीक नहीं हैं। उन्हें अल्जाइमर है। इस साल, सतीश का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ। वह अपनी पत्नी के लिए और जीना चाहते थे, ताकि वह मधु की देखभाल कर सकें। वह डायलिसिस पर थे। इससे पहले, उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी, जो सफल रही थी'। सचिन ने आगे बताया कि उनकी पत्नी सुप्रिया पिलगांवकर सतीश से उनकी मौत से तीन दिन पहले उनके घर पर मिली थीं। उन्होंने कहा कि वह और सतीश मैसेज भेजकर बात करते रहते थे।
निधन से पहले सचिन को किया था मैसेज
सचिन के मुताबिक, 'असल में मुझे दोपहर 12:56 बजे उनका एक मैसेज मिला था, जिसका मतलब था कि वह उस समय भी बिल्कुल ठीक थे। मैं सदमे में हूं, यह कहना भी कम होगा। इंडस्ट्री का नुकसान तो हुआ ही है और वह बात अलग है, उनका जाना मेरे लिए बहुत बड़ा पर्सनल लॉस है'।