Neena Sunita: 'पंचायत' में एक-दूसरे के खिलाफ हैं नीना गुप्ता और सुनीता राजवार, जानें ऑफ स्क्रीन उनके रिश्ते
Neena Gupta-Sunita Rajwar: जल्द ही 'पंचायत' सीरीज का चौथा सीजन रिलीज होने वाला है। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कि सीरीज में मंजू देवी और क्रांति देवी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्रियों के आपस में कैसे रिश्ते हैं।
विस्तार
'पंचायत' सीरीज में भले ही राजनीतिक रूप से मंजू देवी और क्रांति देवी एक दूसरे के खिलाफ हों लेकिन असल जिंदगी में नीना गुप्ता और सुनीता राजवार के बीच गहरी दोस्ती है। दोनों की दोस्ती थिएटर के दिनों से चली आ रही है। दोनों ने साल 2020 में फिल्म 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' में एक साथ काम किया था।
मुझे अच्छी दोस्त मिली
नीना गुप्ता ने पीटीआई से बातचीत में कहा 'हम थियेटर में मिले। हमने साथ में प्ले किए। हमने एक साथ काम करना जारी रखा। हमें रिहर्सल करने का खूब वक्त मिला। हम दोनों कई साल से दोस्त हैं। हम कभी-कभी खाने पर मिलते हैं। जब मुझे पता चला कि सुनीता भी इस शो में हैं तो मैं बहुत खुश हुई। वह शाम को मेरे रूम में आईं। हमने साथ में खाना बनाया। कई बार वह मेरे लिए खाना लाती थीं। इस तरह मुझे अच्छी दोस्त मिली।'
नीना ने की सुनीता की तारीफ
नीना गुप्ता ने सुनीता राजवार की तारीफ की है। उन्होंने कहा 'जब कोई व्यक्ति वास्तविक जीवन में अच्छा होता है, तो उसकी अच्छाई उसके काम में झलकती है। सुनीता बहुत मददगार हैं। वह अपनी भूमिकाओं में पूरी तरह डूब जाती हैं... मैं हकीकत में उनकी तारीफ करती हूं।'
नीना से मदद लेती हैं सुनीता
सुनीता राजवार ने कहा कि उन्हें जब भी मौका मिलता है तो वह नीना गुप्ता से मिलती हैं। जब वह किसी चीज को लेकर असमंजस में होती हैं, तो वह नीना गुप्ता से मदद लेती हैं।
नीना गुप्ता और सुनीता राजवार दोनों ने एक साथ 'पंचायत' और फिल्म 'संतोष' के लिए ऑडिशन दिया था। 'पंचायत' में गुप्ता को मंजू देवी का किरदार मिला तो वहीं राजवार को गीता शर्मा का रोल मिला।
यह खबर भी पढ़ें: Mr. Supranational 2025: फौज की वर्दी पहनने का सपना टूटा, कमजोर थी अंग्रेजी, अब भारत को रिप्रेजेंट करेंगे शुभम
सुनीता ने की नीना गुप्ता की तारीफ
सुनीता राजवार ने कहा वह नीना गुप्ता को एक अभिनेत्री मानती हैं। उन्होंने 'वो छोरी' में बेहतरीन काम किया है। इसके लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिला है।
सुनीता राजवार ने नीना गुप्ता की तारीफ में कहा 'वह जिस तरह से खुद को पेश करती हैं वह हैरान करने वाला है। वह बहुत मुखर हैं और साफ-सुथरी हैं। 'पंचायत' के अलावा, मैं उनके साथ बहुत रही हूं, इसलिए मैं उन्हें बहुत अच्छी तरह से जानती हूं।'
दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार की सीरीज 'पंचायत' अभिषेक त्रिपाठी (जितेंद्र कुमार) के आस-पास घूमती है। सीरीज में वह एक ग्रेजुएट युवा का किरदार निभा रहे हैं जो अच्छी नौकरी न होने की वजह से फुलेरा की पंचायत ऑफिस में सेक्रेटरी की नौकरी करते हैं।
सीरीज में नीना गुप्ता ग्राम प्रधान का किरदार निभाती हैं, तो वहीं राजवार उनकी विरोधी हैं। उम्मीद है कि चौथे सीजन में दोनों के बीच जबरदस्त टकराव दिखाया जाए।
'पंचायत' सीरीज का चौथा सीजन 25 जून से आने वाला है।