Ohh My Dog Box Office: कैसी रही 'ओह माय डॉग' की शुरुआत'? पंकज त्रिपाठी की फिल्म ने पहले दिन किया इतना कलेक्शन
Ohh My Dog VS DC The Bloody Valentine: फिल्म 'ओह माय डॉग' आज 07 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। पंकज त्रिपाठी अभिनीत फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कैसी शुरुआत की है? जानिए
विस्तार
भारतीय सिनेमाघरों में इन दिनों दो हॉलीवुड फिल्में जमकर कमाई कर रही हैं। 'स्पाइडर-मैन ब्रांड न्यू डे' और 'द ओडिसी', दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसके अलावा थलापति विजय की जन नायकन भी लगी है। इनके बीच आज 07 अगस्त को 'ओह माय डॉग' ने दस्तक दी है। इसके अलावा साउथ फिल्म 'डीसी- द ब्लडी वैलेंटाइन' भी आज ही रिलीज हुई है। जानिए इनका कलेक्शन कैसा रहा है?
कुत्ते और इंसान के रिश्ते पर बनी फिल्म
'ओह माय गॉड 2' के निर्देशक अमित राय की फिल्म 'ओह माय डॉग' आखिर सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। पहले यह फिल्म 31 जुलाई को आने वाली थी, मगर बाद रिलीज डेट में बदलाव किया गया। इसमें पंकज त्रिपाठी लीड रोल में हैं। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, इसमें इंसान और कुत्ते के भावनात्मक रिश्ते को दिखाया गया है।
पहले दिन कैसी रही शुरुआत?
फिल्म 'ओह माय डॉग' के एलान के बाद से ही इसकी काफी चर्चा हो रही थी। अब जब यह रिलीज हो गई है तो पहले दिन इसकी रफ्तार सुस्त दिख रही है। सैकनिल्क पर प्राप्त शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक पहले दिन फिल्म ने 37 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। बता दें कि यह एक छोटे बजट की फिल्म है।
क्या वीकएंड में मिलेगा फायदा?
इस फिल्म को क्रिटिक्स से काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसे फैमिली ड्रामा फिल्म बताया जा रहा है, जिसे बच्चों के साथ देखने सिनेमाघरों का रुख किया जा सकता है। पंकज त्रिपाठी के अलावा इसमें राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, माही राय और गीता अग्रवाल शर्मा जैसे सितारे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि वीकएंड में आगामी दो दिन यह कैसा प्रदर्शन करती है?
'डीसी- द ब्लडी वैलेंटाइन'
आज शुक्रवार 07 अगस्त को तमिल फिल्म 'डीसी' भी सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। यह एक्शन से भरपूर रोमांटिक फिल्म है। फिल्म के निर्देशन की कमान अरुण मथेश्वरन ने संभाली है। वहीं, लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी इसमें अहम भूमिकाओं में हैं। अनिरुद्ध रविचंदर ने फिल्म का संगीत दिया है। कलेक्शन की बात करें तो पहले दिन इसने 2.02 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।